कोलकाता टेस्ट : दो दिनों में गिरे 26 विकेट, रविन्द्र जडेजा ने दक्षिण अफ्रीका को मुसीबत में डाला

0
38

– भारत की पहली पारी 189 पर सिमटी, 30 रन की लीड के बाद मेजबान गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका के 93 रनों पर 7 विकेट गिराए

– दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में गिरे सभी विकेट भारतीय स्पिनरों को मिले, जडेजा ने 29 रन देकर 4 विकेट लिए

कोलकाता। ईडन गार्डन्स में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दो टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में स्पिनरों ने मेजबान टीम के लिए जीत का स्टेज तैयार कर दिया है। बल्लेबाजों की कब्रगाह साबित हो रहे विकेट पर तीसरे ही दिन फैसला आता दिख रहा है। दो दिनों में अब तक 26 विकेटों का पतन हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी खात्मे की ओर है।

मैच के दूसरे दिन मेहमान टीम के 7 विकेट सिर्फ 93 रनों पर गिर चुके थे। भारत ने पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका के 159 रनों के जवाब में 189 रन बनाकर 30 रनों की लीड हासिल की थी। दक्षिण अफ्रीका के पास अब सिर्फ 63 रनों की बढ़त है और उसके पास सिर्फ 3 विकेट ही हैं। मेहमान बल्लेबाज को भारतीय स्पिनरों खासकर रवीन्द्र जडेजा और कुलदीप यादव ने खूब पूरेशान किया। जडेजा ने 4, जबकि कुलदीप ने 2 विकेट लिए एक विकेट अक्षर पटेल को मिला। दूसरे दिन स्टम्प तक दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा 29 और कॉर्बिन बॉश 1 और रन बनाकर क्रीज पर थे। मुकाबले के दूसरे दिन शनिवार को दोनों टीमों के कुल 15 विकेट गिरे।

इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। लेकिन उसकी टीम अपनी पहली पारी में 200 का आंकड़ा भी नहीं छू सकी। हालांकि उसकी शुरुआत शानदार रही थी और एक समय स्कोर बिना विकेट खोए 57 रन था। लेकिन इसके बाद की कहानी के लेखक भारतीय गेंदबाज रहे, जिन्होंने 10 विकेट सिर्फ 102 रनों पर समेट दिए।

एडेन मार्करम (31), रयान रिकेल्टन (23), वियान मुल्डर (24) और टोनी डी जोरजी (24) सेट होने के बावजूद खिलाड़ी अपनी पारी को बड़ा आकार नहीं दे सके। भारत की पहली पारी की सफलता के हीरो बूम-बूम बुमराह रहे। जसप्रीत बुमराह ने सिर्फ 27 रन देकर पंजा खोल दिय। उनके साथी मोहम्मद सिराज और चायना मैन स्पिनर कुलदीप यादव को भी दो-दो विकेट मिले।

इसके जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (12) को मार्को जानसेन ने बोल्ड कर दिया। हालांकि केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर ने पहले दिन के खेल में भारतीय टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया। दूसरे दिन के खेल के पहले घंटे में भी केएल राहुल और वॉशिंगटन सुंदर ने अच्छी बल्लेबाजी की।

राहुल ने इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में अपने चार हजार रन भी पूरे कर लिए। सुंदर 29 रनों के निजी स्कोर पर साइमन हार्मर का शिकार बने। इसके बाद क्रीज पर उतरे शुभमन गिल 4 रनों के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए। दरअसल चौका जड़ने के बाद उन्होंने गर्दन में दर्द की शिकायत की और वे अपनी बल्लेबाजी को आगे जारी नहीं रख सके। इस पारी में फिर उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की।

भारतीय टीम का तीसरा विकेट केएल राहुल के रूप में गिरा, जो 39 रन बनाकर स्पिनर केशव महाराज का शिकार बने। ऋषभ पंत (27 रन) ने कुछ बड़े शॉट्स जरूर खेले, लेकिन उनकी पारी लम्बी नहीं खिंची। पंत को कॉर्बिन बॉश ने आउट किया। ध्रुव जुरेल भी 14 रन बनाकर साइमन हार्मर की गेंद पर चलते बने। जुरेल के आउट होने के समय भारत का स्कोर 153/5 था।

भारत को छठा झटका रवींद्र जडेजा के रूप में लगा, जो 27 रन बनाकर हार्मर की गेंद पर आउट हुए। जडेजा के आउट होते ही भारतीय टीम का स्कोर 171/6 हो गया। कुलदीप यादव (1) को मार्को जानसेन ने आउट किया। मोहम्मद सिराज (1 रन) और अक्षर पटेल (16 रन) आउट होने वाले आखिरी दो बल्लेबाज रहे। साउथ अफ्रीका के लिए साइमन हार्मर ने चार विकेट झटके। मार्को जानसेन को भी तीन विकेट मिले।

पहली पारी के आधार पर 30 रनों से पिछड़ने वाली दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। रयान रिकेल्टन 11 रन बनाकर कुलदीप का शिकार बने, जबकि वहीं दूसरे ओपनर एडेन मार्करम (4 रन) को रवींद्र जडेजा ने चलता किया। इसके बाद जडेजा ने एक ही ओवर में वियान मुल्डर (11 रन) और टोनी डी जोरजी (2 रन) को पवेलियन का रास्ता पकड़ा दिया। ट्रिस्टन स्टब्स (5 रन) भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए और जडेजा ने उन्हें बोल्ड किया। स्टब्स के आउट होने के समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 60/5 था। इसके बाद दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका ने काइल वेरेने (9 रन) और मार्को जानसेन (13 रन) के भी विकेट गंवाए। वेरेन को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया जबकि जानसेन का विकेट कुलदीप यादव ने लिया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here