– 6 विकेट लेने वाले हर्ष दुबे की फिरकी पर खूब नाचे यूपी के बल्लेबाज
– जुरेल के बाद समीर रिजवी 47 रन बनाकर रहे दूसरे सबसे बड़े स्कोरर
यूपी का रणजी ट्रॉफी 2025-26 का विदाई मुकाबला शुरू हो चुका है। विदर्भ के खिलाफ पहले दिन हर्ष दुबे की फिरकी पर यूपी के बल्लेबाजी खूब नाचे। विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन जमता नागपुर में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी एलीट एक ग्रुप के इस अंतिम लीग मुकाबले में यूपी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का जो फैसला लिया वो उसके गले की फांस बन गया। लेफ्ट ऑर्म स्पिनर हर्ष दुबे ने 61 रन देकर 6 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
ध्रुव जुरेल एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने विदर्भ के गेंदबाजों को उचित जवाब दिया। नर्वस नाइंटी का शिकार होने वाले ध्रुव जुरेल (96) और शिवम मावी (47) ने यूपी को जल्दी ढहने से बचा लिया। यूपी की पहली पारी जैसे तैसे 237 रन तक पहुंच कर सिमट गई। ध्रुव जुरेल ने अपनी पारी के दौरान 122 गेंदें खेलते हुए 11 चौके जड़े लेकिन वे रणजी सीजन के तीसरे शतक से सिर्फ 4 रन से चूक गए।
इसके जवाब में विदर्भ ने दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में बिना विकेट खोए 33 रन बना लिए थे। अमन मोखाडे (19) और सत्यम भोयार (13) क्रीज पर थे। विदर्भ टीम फिलहाल यूपी की टीम से 204 रनों से पिछड़ रही है। दूसरे स्थान पर चल रही विदर्भ की टीम लीग चरण खत्म होने के बाद टॉप पर रहना चाहेगी। लेकिन इसके लिए उसे इस मुकाबले में बढ़िया प्रदर्शन करना होगा। दूसरी ओर यूपी के लिए इस मैच के अब कोई चार्म नहीं बचा है।
मेहमान टीम के लिए यह मैच सैर सपाटा भर बनकर रह जाएगा, क्योंकि वो चाहे जीते या हारे, उसकी सेहत पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। यूपी ने लंच से पहले ही अपने 4 विकेट सिर्फ 50 रनों पर ही खो दिए थे। अभिषेक गोस्वामी (14), माधव कौशिक (4), कप्तान आर्यन जुयाल (12) और आदित्य शर्मा (18) के विकेट खो देने वाली यूपी इसके बाद कभी संभल नहीं सकी। कुल स्कोर 93 रन पहुंचते-पहुचते सिद्धार्थ यादव (19) भी पवेलियन लौट चुके थे।
आधी टीम के आउट होने के बाद शिवम शर्मा (1) का विकेट भी कुछ देर बाद गिर गया। लेकिन इसके बाद ध्रुव जुरेल और शिवम मावी के बीच छठे विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी ने यूपी को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंच पाने की संभावनाएं जगाईं। शिवम मावी ने अपनी 47 रनों की पारी के दौरान 57 गेंदें खेलते हुए एक छक्का और 5 चौके जड़े। इस साझेदारी का अंत ऑफ स्पिनर यश कदम ने शिवम मावी को आउट करके किया। इसके बाद हर्ष ने ध्रुव जुरेल का विकेट चटकाकर यूपी की पारी को सबसे करारा झटका दिया। कार्तिक यादव 17 रन बनाकर नाबाद रहे।










