टीएसएच में ईडब्लूएस के 1556 खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिला निखार

0
50

कानपुर। नगर निगम द्वारा खेलो इंडिया एवं स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में ईडब्लूएस (अल्प आय वर्ग) के बच्चों के लिए निशुल्क खेल प्रशिक्षण का सातवां बैच मंगलवार, 6 जनवरी से प्रारंभ हो रहा है।

टीएसएच अब तक ईडब्लूएस वर्ग के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच बनकर उभरा है, जहां आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

सातवें बैच के लिए टीएसएच को कुल 424 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से नगर निगम अधिकारियों द्वारा सत्यापन के बाद 256 बच्चों को ट्रायल में शामिल किया गया। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से बच्चों का फिजिकल टेस्ट लिया गया, जबकि दोपहर 12 बजे से इंडिविजुअल स्पोर्ट्स स्किल टेस्ट आयोजित किया गया।

खिलाड़ियों ने राज्य व जिला स्तर पर 126 पदक जीतकर बढ़ाया कानपुर का मान

ट्रायल के दौरान बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, कराटे, शूटिंग, टेबल टेनिस एवं ताइक्वांडो जैसे खेलों में बच्चों की शारीरिक क्षमता और खेल कौशल का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित की गई थी।

ट्रायल के उपरांत सातवें बैच के लिए 250 बच्चों का अंतिम चयन किया जा रहा है। चयनित खिलाड़ियों की सूची पहले जारी की जा चुकी है और सभी चयनित बच्चों ने मेडिकल सहित आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली हैं। इसके साथ ही मंगलवार से उनका नियमित प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है।

टीएसएच में अब तक ईडब्लूएस खिलाड़ियों के छह बैच संचालित हो चुके हैं, जिनमें कुल 1556 बच्चों को विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण दिया गया।

इन खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से टीएसएच की प्रशिक्षण गुणवत्ता को साबित किया है। अब तक प्रशिक्षण प्राप्त खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में चार सिल्वर और छह ब्रांज मेडल, जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 36 गोल्ड, 32 सिल्वर और 48 ब्रांज मेडल जीतकर कानपुर का नाम रोशन किया है।

टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति, फिटनेस मॉनिटरिंग और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन मिलता है। नगर निगम की यह पहल न केवल ईडब्लूएस वर्ग के बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर दे रही है, बल्कि भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की नींव भी मजबूत कर रही है।

खिलाड़ियों के चयन की पारदर्शी प्रक्रिया

ईडब्लूएस खेल प्रशिक्षण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार नगर निगम के अंतर्गत सभी सरकारी विद्यालयों में किया जाता है। सांसदों, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों एवं महापौर को पात्र खिलाड़ियों की संस्तुति हेतु आधिकारिक पत्र भेजे जाते हैं।

नगर निगम के सभी छह जोनल कार्यालयों से आवेदन प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित किया जाता है। साथ ही योजना से संबंधित जानकारी स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कराने एवं नगर निगम के सभी वेरिएबल मैसेज बोर्ड (वीएमबी) पर प्रदर्शित किया जाता है।

पूरी ट्रायल प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा सात सदस्यीय कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है।

इसमें जगदीश यादव, अपर नगर आयुक्तदृप्प्, मुकेश कुमार वर्मा, कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, अमित यादव, कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड, संजीव पाठक, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ, डॉ. देवेश दुबे, प्रोफेसर, डीएवी कॉलेज एवं सचिव, उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ, राजीव गर्ग, प्रबंध निदेशक, ऑडी स्टेडिया कंसल्टेंट्स प्रा. लि. तथा पी. के. श्रीवास्तव, प्रतिनिधि, ट्रांस स्टेडिया शामिल हैं।

इसके साथ ही प्रत्येक आवेदक खिलाड़ी के फार्म में जन प्रतिनिधि, सभासद, स्कूल के प्रधानाचार्य और चिकित्सक से संस्तुति भी ली जाती है।

जब आवेदन पत्र भरकर टीएसएच पहुंच जाते हैं तो नगर निगम द्वारा नामित दो अधिकारियों द्वारा सभी अवेदनों पत्रों की स्क्रूटनी की जाती है। इसमें जो आवेदन पत्र ईडब्लूएस के मानक पूरे नहीं करते हैं उनको रिजेक्ट कर दिया जाता है और बाकी को ट्रायल व अन्य प्रवेश प्रक्रिया के लिये बुलाया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here