भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में इंग्लैंड दौरा करने वाली टीम के कई खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है। इन खिलाड़ियों में बदकिस्मत सलामी बल्लेबाज उत्तराखंड के अभिमन्यु ईश्वरन का भी नाम है, जिन्हें टीम इंडिया के साथ बतौर टूरिस्ट आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का दौरा करवाने के बाद बिना मौका दिए ही बाहर कर दिया गया।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने अभिमन्यु ईश्वरन को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर करने के फैसले पर स्पष्टीकरण दिया है। उनके मुताबिक, टीम को घरेलू श्रृंखला में तीसरे सलामी बल्लेबाज की जरूरत नहीं है। यह निर्णय इस बात पर आधारित था कि मौजूदा ओपनर केएल राहुल और यशस्वी जयसवाल का प्रदर्शन अच्छा रहा है, और टीम प्रबंधन को लगा कि अतिरिक्त ओपनर के बजाय ऑलराउंडर को शामिल करना बेहतर होगा।
अभिमन्यु ईश्वरन के बाहर होने के पीछे मुख्य वजहें:
तीसरे सलामी बल्लेबाज की ज़रूरत नहीं: मुख्य चयनकर्ता अगरकर के अनुसार, घरेलू सीरीज के लिए टीम को तीसरे सलामी बल्लेबाज की आवश्यकता नहीं है। विदेशी दौरों पर अक्सर एक अतिरिक्त ओपनर को टीम में रखा जाता है, लेकिन भारत में होने वाली इस सीरीज के लिए ऐसा नहीं किया गया।
रणनीतिक बदलाव: चयनकर्ताओं ने अभिमन्यु ईश्वरन की जगह अक्षर पटेल जैसे एक अतिरिक्त स्पिन-ऑलराउंडर को टीम में शामिल करना बेहतर समझा। यह फैसला संभवत: भारतीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया। अगरकर ने बताया कि केएल राहुल और यशस्वी जयसवाल ने अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए स्क्वाड में तीसरे ओपनर की कोई तत्काल आवश्यकता नहीं है।
लगातार अनदेखी: कई क्रिकेट प्रशंसकों और विशेषज्ञों ने इस फैसले पर निराशा व्यक्त की है। उनका तर्क है कि लगातार घरेलू क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन करने और पिछले कई दौरों पर टीम के साथ रहने के बावजूद ईश्वरन को मौका नहीं मिला और अब उन्हें टीम से बाहर भी कर दिया गया है। संक्षेप में, ईश्वरन का बाहर होना उनके प्रदर्शन के कारण नहीं, बल्कि टीम की रणनीतिक आवश्यकताओं और ओपनिंग स्लॉट में मौजूदा खिलाड़ियों की फॉर्म के कारण है।
ऋषभ पंत अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं
भारतीय टीम को वेस्टइंडीज से टेस्ट सीरीज के दौरान दो मैच खेलने हैं। पहला मुकाबला 2 अक्टूबर से शुरू होगा। शुभमन गिल भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे लेकिन ऋषभ पंत जो अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं, उनकी जगह रवीन्द्र जडेजा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। ऋषभ पंत इंग्लैंड सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान पंत चौथे टेस्ट में अपने पैर में चोट लगा बैठे थे। इसके बाद उन्होंने उस मैच में बल्लेबाजी तो की, लेकिन कीपिंग के लिए मैदान में नहीं आए। इसके बाद सीरीज के आखिरी यानी पांचवें टेस्ट में ध्रव जुरेल को मौका दिया गया। उम्मीद की जा रही थी कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज तक पंत पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे और खेलेंगे, लेकिन अब पता चला है कि उनकी चोट अभी ठीक नहीं हुई है।
बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की वापसी
वेस्टइंडीज टीम के खिलाफ बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल की वापसी हुई है, जिनको इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया था। वहीं करुण नायर जिनकी लंबे समय के बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई थी, उन्हें इंग्लैंड के दौरे पर खराब प्रदर्शन की वजह से वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है।
दूसरे विकेटकीपर के तौर पर नारायण जगदीशन को मिली जगह
ऋषभ पंत की गैरमौजूदगी में ध्रुव जुरेल के अलावा टीम में दूसरे विकेटकीपर के तौर पर नारायण जगदीशन को जगह मिली है, जिनको ओवल टेस्ट से ठीक पहले टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल किया गया था। इसके अलावा आकाश दीप को भी इस टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया की स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया: शुभमन गिल (कप्तान), रवींद्र जडेजा (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, नारायण जगदीशन।










