अभिषेक शर्मा (84) और रिंकू सिंह (नाबाद 44) की विस्फोटक पारियों से भारत ने नागपुर के वीसीए स्टेडियम में खेले गए पहले टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रनों से धूल चटा 5 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त ले ली। अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। भारतीय टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाए जाने पर न्यूजीलैंड के सामने 239 रन बनाकर मैच जीतने की कड़ी चुनौती पेश की, जिसके जवाब में कीवी टीम सात विकेट पर 190 रनों तक ही पहुंच सकी।
न्यूजीलैंड की सलामी जोड़ी सिर्फ एक रन पर लौटी
मेहमान टीम की शुरुआत काफी खराब रही। उसकी सलामी जोड़ी एक रन के कुल स्कोर पर ही पवेलियन लौट चुकी थी। धाकड़ बल्लेबाज रचिन रविंद्र के बल्ले से सिर्फ एक रन निकला, जबकि ओपनर डेवोन कॉन्वे शून्य पर आउट हो गए। मेहमान टीम के लिए ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंदों में 78 रन बनाए, जिसमें छह जबर्दस्त छक्के और चार चौके शामिल हैं। उन्होंने टिम रॉबिन्सन (15 गेंदों में 21) के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 रनों और मार्क चैपमैन (24 गेंदों में 39) के साथ चौथे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर कुछ समय के लिए न्यूजीलैंड का संघर्ष जिंदा रखा।
जल्दी ही न्यूजीलैंड की उम्मीदें टूट गईं
लेकिन न्यूजीलैंड की उम्मीद की सांसें ज्यादा देर नहीं चलीं। क्रिस्टियन क्लार्क का भी खाता तक नहीं खुला। डेरिल मिचेल ने 18 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया। कप्तान मिचेल सेंटनर 13 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल के हिस्से में एक-एक विकेट आया।
भारत ने बनाए रिकॉर्ड 238 रन
इससे पहले भारत ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 238 रन बनाए थे। यह टी20 इंटरनेशनल में भारत का यह न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने इससे पहले फरवरी 2023 में कीवी टीम के सामने 234/4 का स्कोर बनाया था। हालांकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन दूसरे ही ओवर में 10 रन बनाकर आउट हो गए। लंबे समय बाद टी-20 क्रिकेट में वापसी कर रहे ईशान किशन भी केवल 8 रन बनाकर चलते बने। लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा के बल्ले ने हाहाकार मचा दिया। युवा ओपनर ने 84 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी 35 गेंदों की पारी के दौरान 8 गगनचुंबी छक्के और 5 चौके लगाए।
अभिषेक शर्मा ने टी-20 में 5 हजार रन पूरे किए
इस पारी के साथ अभिषेक शर्मा ने टी20 क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले इस प्रारूप के इतिहास में 131वें खिलाड़ी बन गए. 5000 टी20 रन बनाने वाले सभी बल्लेबाज़ों में अभिषेक का स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा है. उन्होंने शानदार 172.54 के स्ट्राइक रेट से यह मुकाम हासिल किया. अभिषेक ने यह उपलब्धि 165 पारियों में हासिल की और वह 5000 टी20 रन पूरे करने वाले चौथे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए। भारतीय बल्लेबाजों में 5000 टी20 रन तक पहुंचने वाले सबसे तेज़ खिलाड़ियों में * केएल राहुल ने143 पारियां, ऋतुराज गायकवाड़ ने 145 पारियां, शुभमन गिल ने 154 पारियां, अभिषेक शर्मा ने 165 पारियां और विराट कोहली ने 167 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में बनाए नाबाद 44 रन
कप्तान सूर्यकुमार यादव (22 गेंदों में 32, चार चौके, एक सिक्स) अच्छे टच में नजर आए। उन्होंने अभिषेक के साथ तीसरे विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। शिवम दुबे (9) और अक्षर पटेल (5) के विकेट जल्दी गिर गए। हार्दिक पांड्या के बल्ले से 16 गेंदों में 25 रन निकले, जिसमें चीन चौके और एक छक्का है। रिंकू सिंह ने आठवें नंबर पर उतरने के बाद 20 गेंदों में नाबाद 44 रनों की शानदार पारी खेली और भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी में उन्होंने तीन छक्के और चार चौके भी लगाए। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी और काइल जैमीसन ने दो-दो विकेट चटकाए। क्रिस्टियन क्लार्क, ईश सोढ़ी और कप्तान मिचेल सेंटनर ने एक-एक विकेट हासिल किया।










