-विजय हजारे ट्रॉफी में यूपी की लगातार दूसरी जीत, ध्रुव जुरेल की एक और अर्द्धशतकीय पारी
विजय हजारे ट्रॉफी में राजकोट में लगातार अपने दूसरे मुकाबले में शानदार जीत दर्ज करते हुए यूपी ने चंडीगढ़ को 227 रनों से बुरी तरह धो डाला। इस जीत में यूपी के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए टीम के विजय अभियान को आगे बढ़ाया। यूपी की इस जीत में आर्यन जुयाल और रिंकू सिंह के शानदार शतक, ध्रुव जुरेल के लगातार दूसरे अर्द्धशतक के अलावा गुगली गेंदबाज जीशान अंसारी की घातक गेंदबाजी का विशेष योगदान रहा।
यूपी ने बनाए 367, चंडीगढ़ 140 पर ढेर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली यूपी टीम ने सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल (134), कप्तान रिंकू सिंह (नाबाद 106) के शतक के अलावा ध्रुव जुरेल (67) और समीर रिजवी (32) की बेहतरीन पारियों से 50 ओवरों में 4 विकेट पर 367 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम सिर्फ 140 रनों पर ही सिमट गई। यूपी के लिए लगातार दूसरे मैच में लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने विपक्षी बल्लेबाजों को अपनी गुगली में फंसाते हुए 4 विकेट लेकर मध्यक्रम को धराशायी कर दिया।
जीशान अंसारी ने फिर दिखाया चयनकर्ताओं को आइना
यूपी टीम में कई वषार्ें से अपनी स्थाई जगह बनाने के लिए संघर्ष करने वाले जीशान अंसारी ने एक बार फिर चयनकर्ताओं को उनकी गलती का एहसास करवाते हुए उन्हें दिखा दिया कि वे टीम के लिए कितने उपयोगी गेंदबाज हैं। जीशान ने 7 ओवर में सिर्फ 29 रन देकर 4 विकेट लिए। उन्होंने दो दिन पहले हैदराबाद के खिलाफ भी 31 रन देकर 4 विकेट लिए थे। जीशान के अलावा दो विकेट विप्रज निगम को और एक-एक विकेट कार्तिक त्यागी, वैभव चौधरी और प्रशांतवीर को मिला। चंडीगढ़ के लिए कप्तान मनन वोहरा ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि तरनप्रीत सिंह के 24 रन दूसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर रहा।
जल्दी झटके के बाद दो शानदार साझेदारियों ने संभाला
इससे पहले यूपी ने अभिषेक गोस्वामी (1) के रूप में पहला विकेट जल्दी खोने के बाद आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरेल के बीच दूसरे विकेट की साझेदारी में 96 रन जोड़कर शानदार वापसी की। जुरेल 57 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से अपनी अर्द्धशतकीय पारी खेलने के बाद आउट हुए। फॉर्म में चल रहे जुरेल का यह लगातार दूसरा अर्द्धशतक था। उन्होंने हैदराबाद के खिलाफ भी 80 रनों की शानदार पारी खेली थी। जुरेल के आउट होने के बाद नये बल्लेबाज समीर रिजवी ने आर्यन जुयाल का अच्छा साथ देते हुए तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की।
जुयाल और रिंकू सिंह के बीच शतकीय साझेदारी
रिजवी जो अपने स्वभाविक खेल के विपरीत स्लो बल्लेबाजी कर रहे थे, 46 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए। यूपी का तीसरा विकेट 170 रनों पर गिरा। लेकिन इसके बाद आर्यन जुयाल और कप्तान रिंकू सिंह ने चंडीगढ़ के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए चौथे विकेट पर शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को तीन सौ का आंकड़ा पार करवा दिया। दोनों के बीच 134 रनों की साझेदारी का अंत अब तक शतक लगा चुके आर्यन जुयाल के आउट होने के साथ हुआ।
जुयाल और रिंकू ने खेली विस्फोटक पारी
आर्यन जुयाल हैदराबाद के खिलाफ 80 रन पर आउट होकर शतक बनाने से चूक गए थे लेकिन इस मैच में उन्होंने न सिर्फ अपना शतक बनाया बल्कि प्लेयर ऑफ द मैच भी बने। जुयाल ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 118 गेंदें खेलीं और इस दौरान 8 छक्के और 7 चौके लगाए। जुयाल जब आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 304 पहुंच चुका था। इसके बाद शेष बचे 35 गेंदों के खेल में रिंकू सिंह और प्रशांतवीर (नाबाद 12) ने 63 रन और जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। रिंकू सिंह ने अपनी तूफानी शतकीय पारी के दौरान केवल 60 गेंदें ही खेलीं और इस दौरान 4 छक्के और 11 चौके भी जड़े। वह प्रशांतवीर के साथ नाबाद लौटे। रिंकू सिंह ने हैदराबाद के खिलाफ भी 67 रनों की आक्रामक पारी खेली थी।










