हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बाद वरुण चक्रवर्ती की करिश्माई गेंदबाजी से भारत जीता

0
77

– भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 5वें व अंतिम टी-20 मुकाबले में 30 रनों से हराकर सीरीज 3-1 से कब्जाई
– 4 मैचों में 10 विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती बने प्लेयर ऑफ द सीरीज

प्लेयर ऑफ द मैच हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बाद प्लेयर ऑफ द सीरीज वरुण चक्रवर्ती की करिश्माई गेंदबाजी से भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टी-20 मुकाबले में 30 रनों से शानदार जीत के साथ 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। भारत के 3 विकेट पर 231 रनों के जवाब में मेहमान टीम 8 विकेट पर 201 रन ही बना पाई। बता दें कि 5 मैचों की इस सीरीज में लखनऊ में शैड्यूल मैच धुंध की वजह से रद्द हो गया था।

हार्दिक पांड्या का 16 गेंदों पर आया अर्द्धशतक
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम के लिए हार्दिक पांड्या का सिर्फ 16 गेंदों पर जड़ा गया अर्द्धशतक विशेष आकर्षण रहा। इसके अलावा तिलक शर्मा ने भी रन आउट होने से पहले 42 गेंदों पर 73 रनों की शानदार पारी खेली। इस पारी में एक छक्का और 10 चौके शामिल थे। हार्दिक पांड्या के बल्ले से इस मुकाबले में 25 गेंदों में 63 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के भी देखने को मिले।

सूर्यकुमार का बल्ला फिर नहीं चला
भारतीय टीम को 63 के स्कोर पर पहला झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा है जो 34 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बने, जबकि दूसरा झटका संजू सैमसन के रूप में लगा है, जो 37 के निजी स्कोर जॉर्ज लिंडे की गेंद पर बोल्ड हो गए। सूर्यकुमार यादव एक बार फिर सस्ते में आउट हो गए। 115 के स्कोर पर भारत को तीसरा झटका कप्तान सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा, जो सिर्फ 5 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।

क्विंटन डी कॉक के 35 गेंदों पर 65 रन
लक्ष्य का पीछा करने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम ने विस्फोटक शुरुआत की उनको 69 के स्कोर पर पहला झटका रीजा हेंड्रिक्स के रूप में लगा, जो 13 के निजी स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। मेहमान टीम ने 120 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट क्विंटन डी कॉक के रूप में गंवा दिया। डी कॉक जो 35 गेंदों में 65 रनों की पारी खेलने के बाद जसप्रीत बुमराह का शिकार बने।

वरुण चक्रवर्ती ने झटके 4 विकेट
तीसरा विकेट डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में 122 के स्कोर पर गिरा। ब्रेविस 17 गेंदों में 31 रनों की पारी खेलने के बाद हार्दिक पांड्या का शिकार बने। इसके बाद नियमित अंतराल में मेहमान टीम के विकेट गिरते रहे। रहस्यमयी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने चार विकेट लेकर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजी बिखेर दी। हालांकि इस दौरान उन्होंने 53 रन भी दिए। 4 मैचों में 10 विकेट लेने वाले वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here