-भारत ने 427 रन बनाकर दूसरी पारी घोषित कर इंग्लैंड को 608 रनों का लक्ष्य दिया
– इंग्लैंड को दूसरी पारी में 72 रनों पर तीन झटके लगने से मैच रोमांचक हुआ, क्रॉउली, डकेट और रूट पवेलियन लौटे
– केएल राहुल, रिषभ पंत और रविन्द्र जडेजा ने जड़े अर्द्धशतक, भारत ने पारी की घोषणा करने में की देर
बर्मिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के चौथे दिन कप्तान शुभमन गिल का बल्ला फिर चमका और पहली पारी में दोहरा शतक जड़ने वाले इस बल्लेबाज ने दूसरी पारी में भी तेज तर्रार शतक ठोंक दिया। पारी घोषित करने में काफी देर करने के बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को तीन झटके देकर भारत की जीत की उम्मीदों को जगा दिया। यदि इस मैच में कोई फैसला नहीं आया तो डिक्लरेशन देर से किए जाने पर हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की आलोचना जरूर की जाएगी। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही इंग्लैंड ने 5 टेस्ट की सीरीज के इस मुकाबले में चौथे दिन स्टम्प तक 72 रनों पर अपने तीन विकेट खो दिए थे। ओली पोप (24) और हैरी ब्रुक (15) क्रीज पर थे। इंग्लैंड को अंतिम दिन जीत के लिए 536 रनों की और जरूरत है, जबकि भारत को 7 विकेटों निकालने होंगे।
इंग्लैंड के सामने असंभव सा लक्ष्य
भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी 4 विकेट पर 427 रन बनाकर घोषित कर इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 608 रनों का लक्ष्य दिया है। याद दिला दें कि भारत ने शुभमन गिल के दोहरे शतक की मदद से पहली पारी में 587 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। इसके जवाब में इंग्लैंड ने हैरी ब्रुक और जेमी स्मिथ के शतकों की बदौलत 407 रन बनाए। भारत को पहली पारी के आधार पर 180 रन की बढ़त मिली थी। इंग्लैंड को ऑलआउट करने में मोहम्मद सिराज और आकाश दीप का बड़ा योगदान रहा। सिराज ने 6 तो वहीं आकाशदीप ने 4 विकेट झटके।
करुण नायर फिर नहीं खेल सके बड़ी पारी
चौथे दिन भारत ने सबसे पहले करुण नायर का विकेट खोया। टीम में जगह बनाने के लिए जद्दोजहद कर रहे करुण नायर फिर बड़ी पारी खेलने से चूक गए। नायर 46 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी ओर लोकेश राहुल ने एक बार फिर इंग्लैंड के गेंदबाजों की खबर ली और 84 गेंदों में 55 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 65 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। शुभमन गिल 162 गेंद में 161 रन बनाकर शोएब बशीर की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हुए। गिल ने ये रन सिर्फ 162 गेंदों पर 8 छक्कों और 13 चौक्के जड़ते हुए बनाए। नये बल्लेबाज नितीश कुमार रेड्डी सिर्फ एक रन बना सके। रविंद्र जडेजा 118 गेंद में 69 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनके साथ वाशिंगटन सुंदर 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में जोश टंग और शोएब बशीर ने 2-2 विकेट लिए।
आकाशदीप ने खटकाए इंग्लैंड के दो विकेट
आकाशदीप और मोहम्मद सिराज ने शानदार गेंदबाजी की। खासकर आकाशदीप ने बेन डकेट और 36 शतकों का अनुभव रखने वाले जो रूट को बोल्ड करके इंग्लैंड के ड्रेसिंग रूम में सन्नाटा कर दिया। इंग्लैंड की सलामी जोड़ी 30 रनों पर लौट चुकी थी। इंग्लैंड टीम ने जैक क्रॉउली (00) के रूप में पहला विकेट गंवाया। सिराज ने जैक को साईं सुदर्शन के हाथों कैच करवाकर पवेलियन भेजा। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट 25 रन बनाकर आउट हुए। आकाशदीप ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। ओली पोप जब 17 रनों पर थे, प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर रिषभ पंत उनका कैच नहीं पकड़ सके। गेंद पंत के दस्तानों से कुछ इंच पहले गिरी। थर्ड अम्पायर ने उन्हें नॉट आउट दिया। आकाशदीप ने भारत को जो रूट के रूप में सबसे बड़ी सफलता दिलवाई। आकाश ने रूट (6) को क्लीन बोल्ड कर दिया। इंग्लैंड का तीसरा विकेट 50 रनों पर गिरा।
कप्तान शुभमन गिल ने एलन बॉर्डर का 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा
एजबेस्टन में खेले जा रहे इंग्लैंड और भारत के बीच दूसरे टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने दोनों पारियों में बल्ले से तबाही मचाई है। उन्होंने पहली पारी में 269 रन बनाए, वहीं दूसरी पारी में भी वह शानदार 161 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने एलन बॉर्डर का 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट इतिहास के मात्र दूसरे ऐसे बल्लेबाज बने हैं, जिन्होंने एक मैच की दोनों पारियों में 150+ से ज्यादा रन बनाए हों। इससे पहले ये कारनामा सिर्फ एलन बॉर्डर ने किया था। उन्होंने 1980 में पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में खेले गए टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 से अधिक रन बनाए थे। उस मैच में एलन बॉर्डर ने पहली पारी में 150 और दूसरी पारी में 153 रन बनाए थे। अब ये कारनामा शुभमन गिल ने किया है।
शुभमन गिल ने तोड़ा मार्क टेलर का रिकॉर्ड
इसके साथ ही गिल ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह अब एक मैच की दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। गिल ने एजबेस्टन टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कुल 430 रन बनाए हैं। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के मार्क टेलर को पीछे छोड़ा है। टेलर ने 1998 में पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच की दोनों पारियों को मिलाकर 426 रन बनाए थे। एक टेस्ट की दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के ग्राहम गूच के नाम है। उन्होंने 1990 में लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ 456 रन बनाए थे।
एक टेस्ट मैच की दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 456 – ग्राहम गूच (इंग्लैंड) बनाम भारत, लॉर्ड्स, 1990
- 430 – शुभमन गिल (भारत) बनाम इंग्लैंड, एजबेस्टन, 2025
- 426 – मार्क टेलर (ऑस्ट्रेलिया) बनाम पाकिस्तान, पेशावर, 1998
- 424 – कुमार संगकारा (श्रीलंका) बनाम बांग्लादेश, चटगांव, 2014
- 400 – ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) बनाम इंग्लैंड, सेंट जॉन्स, 2004










