आकाश दीप भावुक हो बोले- मैं कैंसर पीड़ित बहन के चेहरे पर अपने प्रदर्शन से खुशी देखना चाहता हूं

0
62

एजबेस्टन टेस्ट मैच में भारत की इंग्लैंड पर 336 रनों की जीत में बतौर गेंदबाज अहम भूमिका निभाने वाले आकाश दीप मैच के बाद काफी इमोशनल हो गए। उन्होंने कहा कि मेरी बहन कैंसर से पीड़ित है और मैं अपने प्रदर्शन से उसके चेहरे पर खुशी देखना चाहता था। आज वह मेरे प्रदर्शन को देखकर जरूर खुश होगी। मेरा यह प्रदर्शन मेरी बहन के लिए समर्पित है। आकाश दीप ने इस मैच की पहली पारी में 4 विकेट और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए। कुल मिलाकर उन्होंने 10 विकेट अपने नाम किया।

जब भी गेंद पकड़ता तो बहन को अपने सामने देख रहा था

आकाश दीप ने जीत के बाद चेतेश्वर पुजारा से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने अभी तक किसी को नहीं बताया था। मैं यह जीत अपनी बहन को समर्पित करना चाहता हूं, जो पिछले दो महीनों से कैंसर से जूझ रही है। शुक्र है कि अब उसकी हालत स्थिर है। जब भी मैं गेंद पकड़ रहा था, मैं उसे अपने सामने देख रहा था। आकाश दीप कोरोना वायरस की महामारी के दौरान अपने पिता और बड़े भाई को खो चुके हैं।

मेरा लक्ष्य था कि सही जगह पर गेंद फेंकता रहूं

इस दौरान पुजारा ने आकाश दीप से उनकी गेंदबाजी रणनीति को लेकर पूछा। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य था कि मैं सही जगह पर गेंद को फेंकू चाहे विकेट कैसी भी हो और इसका मुझे फायदा मिला। विकेट कैसा बर्ताव करेगी ये हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन सही जगह पर गेंद फेंकना तो हमारे हाथ में था और हमने यही किया। आकाश दीप ने इस मैच में जिस अंदाज में गेंदबाजी की उसको देखते हुए ऐसा लग रहा है कि उन्हें लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भी खेलने का मौका मिलेगा।

आठ टेस्ट मैचों में 25 विकेट ले चुके हैं आकाश दीप

आकाश दीप ने टेस्ट क्रिकेट में कुल 8 मुकाबले खेले हैं। जिसमें 28.6 की औसत से कुल 25 विकेट अपने नाम किया है। 39 सालों के बाद किसी भारतीय गेंदबाज ने बर्मिंघम टेस्ट मैच में 10 विकेट हॉल अपने नाम किया है। इससे पहले 1986 में चेतन शर्मा ने भी यह कारनामा किया था। आकाश दीप इस सीरीज में और बेहतर प्रदर्शन करके टेस्ट टीम में नियमित तौर पर अपनी जगह पक्की करना चाहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here