– सेमीफाइनल में कानपुर को दी 6 विकेट से शिकस्त, सैफ अहमद रहे प्लेयर ऑफ द मैच
कानपुर। इलाहाबाद ने डॉ.गौरहरि सिंघानिया टी-20 यूपी इंटर डिस्ट्रिक वेटरन क्रिकेट लीग चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में कानपुर पर 6 विकेट से आसान जीत दर्ज करते हुए फाइनल में जगह बना ली। उसका फाइनल में 25 जनवरी को टीएसएच में बरेली की टीम से मुकाबला होगा।
रविवार को किदवई नगर स्थित नेशनल ग्राउंड पर कानपुर की टीम टॉस जीतने का फायदा नहीं उठा सकी और पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ135 रन ही जुटा सकी। जय वलेचा एक मात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने इलाहाबाद के आक्रमण का ठीक से जवाब दिया। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 1 छक्के व 8 चौकों की मदद से 59 रनों की शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेली। वलेचा के अलावा गोपाल सिंह ने भी 23 गेंदें खेलकर 32 रन अपनी टीम को दिए। इलाहाबाद के सैफ अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 21 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलाव दो विकेट सुशील ओझा ने लिए।
इलाहाबाद ने आसान से लक्ष्य को 6 गेंद पहले ही 4 विकेेट खोकर प्राप्त कर लिया। इमरोज ने 44, बलराम यादव ने 38 और कौशिक पाल ने 29 रन बनाकर जीत में सहयोग किया। कानपुर की ओर से दो-दो विकेट भरत अवस्थी और एसएम मुश्ताक ने लिए। इलाहाबाद के लिए शानदार गेंदबाजी करने वाले सैफ अहमद को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस दूसरे सेमीफाइनल के ऑब्जर्बर लखनऊ के एएम नकवी थे।










