इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज के पहले मैच में शिकस्त खाने के बाद 0-1 से पिछड़ रही भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम में दुनिया के सबसे घातक गेंदबाजों में से एक जोफ्रा आर्चर की वापसी हो गई है। इससे यह भी तय हो गया है कि मेजबान टीम अपनी विनिंग टीम इलेवन में कम से कम एक बदलाव तो जरूर करेगी। आर्चर चोट की वजह से पिछले 4 सालों से टीम से बाहर चल रहे थे। भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन में 2 जुलाई से होगा। पांच दिन पहले ही इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी टीम में जोफ्रा आर्चर को जगह दी गई है जो लगभग काफी लम्बे समय बाद टेस्ट में वापसी करते दिख सकते हैं। पिछले दिनों जब जोफ्रा आर्चर काउंटी क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे तभी इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि यह तेज गेंदबाज जल्द ही इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी कर सकता है। खास बात यह है कि जोफ्रा आर्चर को टीम से जोड़ा तो गया है लेकिन उनकी इन्ट्री पर किसी खिलाड़ी को बाहर नहीं किया गया है।
इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के आने से टीम इंडिया की मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं, क्योंकि दूसरे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया जा सकता है। ऐसे में भारतीय टीम के आक्रमण में धार काफी कम हो जाएगी। दूसरी ओर आर्चर का इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में खेलना लगभग तय माना जा रहा है। आर्चर के आने से प्लेइंग इलेवन से किस खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ेगा, अब चर्चा इसको लेकर भी है। संभव है जॉश टंग को आर्चर के लिए जगह खाली करने पड़ जाए, क्योंकि ऑलराउंडर क्रिस वोक्स का खेलना लगभग तय है।
दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, जेमी स्मिथ, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर, ब्राइडन कार्स, सैम कुक, जेमी ओवर्टन, जोश टंग, जैकब बेथेल।










