– VJD Method से यूपी को आसाम पर मिली 58 रनों से जीत, जुयाल ने खेली 150 रनों की शानदार पारी
– प्रियम गर्ग के बल्ले से लम्बे समय बाद निकली अर्द्धशतकीय पारी, पिछली 10 पारियों में 35 रन था सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर
राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में बारिश से बाधित विजय हजारे ट्रॉफी के ग्रुप बी के एक मुकाबले में यूपी को आसाम के खिलाफ V. Jaydevan Method से 58 रनों से विजयी घोषित किया गया। इस मैच में सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल (नाबाद 150) ने इस टूर्नामेंट का अपना दूसरा शतक लगा जीत में मुख्य भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच बने। आसाम की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.4 ओवर में 308 रन बनाकर आउट हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश ने बारिश की वजह से खेल रोके जाने के समय 42 ओवर में 2 विकेट पर 291 रन बना लिए थे। VJD Method के तहत लक्ष्य समायोजित होने से यूपी को 58 रनों से विजयी घोषित किया गया। इस टूर्नामेंट में यूपी की यह लगातार चौथी जीत है। इससे पहले उसने हैदराबाद, चंडीगढ़ और बड़ौदा के खिलाफ भी जीत दर्ज की थी।
आसाम ने यूपी को दिया था 309 रनों का लक्ष्य
इस मुकाबले में आसाम की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.4 ओवर्स में 308 रन बनाकर आउट हो गई। कप्तान सुमित गांधी गांवकर ने 86 गेंदों पर 3 छक्के और 12 चौकों की मदद से 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि शिबाशंकर राय ने 11 चौकों की मदद से 83 गेंदों पर 82 रन बनाए। यूपी के लिए विप्रज निगम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 66 रन देकर सर्वाधिक 4 विकेट लिए, जबकि जीशान अंसारी ने 60 रन देकर 3 विकेट चटकाए। एक-एक विकेट कुनाल त्यागी, करन चौधरी और प्रशांतवीर के हिस्से में आया।
यूपी ने की शानदार शुरुआत, अभिषेक रिटायर हर्ट
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी की टीम की सलामी जोड़ी ने 54 रनों की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दी। हालांकि इसी दौरा अभिषेक गोस्वामी को 24 रन पर रिटायर हर्ट होकर लौटना पड़ा। इसके बाद आर्यन जुयाल और ध्रुव जुरेल (17) ने स्कोर को 90 तक पहुंचाया। यूपी को इसी स्कोर पर जुरेल का विकेट खोना पड़ा। पहला विकेट गिरने के बाद जुयाल और नये बल्लेबाज प्रियम गर्ग ने दूसरे विकेट के लिए 128 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।
प्रियम गर्ग का बल्ला चला, बनाए 52 रन
इस दौरान प्रियम गर्ग के बल्ले से लम्बे समय बाद अर्द्धशतकीय पारी निकली। उन्होंने 53 गेंदों पर 5 चौकों की मदद से 52 रन बनाए। उनका पिछली 10 पारियों में पिछला सर्वाधिक स्कोर 35 रनों का था, जो उन्होंेने दिसम्बर 2024 में चंडीगढ़ के खिलाफ बनाया था। नये बल्लेबाज कप्तान रिंकू सिंह (नाबाद 37) और आर्यन जुयाल (नाबाद 150) ने खेल रोके जाने तक तीसरे विकेट के लिए 73 रनों की साझेदारी कर टीम को 42 ओवर में ही दो विकेट खोकर जीत के बिल्कुल करीब पहुंचा दिया था। वीजेडी मैथड से यूपी को संशोधित लक्ष्य 234 रनों का मिला, जिसे वह पहले ही प्राप्त कर चुका था।
रिंकू सिंह ने 15 गेंदों पर बनाए नाबाद 37 रन
रिंकू सिंह ने अपनी संक्षिप्त पारी के दौरान सिर्फ 15 गेंदों पर 2 छक्कों और 4 चौकों से अपने रन बनाए। आर्यन जुयाल ने 3 छक्के और 15 चौकों से सजी अपनी पारी के दौरान केवल 140 गेंदें खेलीं। जुयाल का यह इस टूर्नामेंट में दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ के खिलाफ भी 134 रनों की पारी खेली थी।
क्या है वीजेडी मेथड
वीजेडी मेथड क्रिकेट में बारिश या अन्य कारणों से प्रभावित सीमित ओवरों के मैचों में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए संशोधित लक्ष्य स्कोर तय करने की एक विधि है। इसे केरल के सिविल इंजीनियर वी. जयदेवन ने विकसित किया था, जो डकवर्थ-लुईस-सिस्टम (DLS) मेथड का भारतीय विकल्प माना जाता है।
कैसे काम करता है यह मेथड
यह विधि मैच की शुरुआती, मध्य और अंतिम ओवरों के रन रेट को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर गणना करती है। भारतीय घरेलू टूर्नामेंट जैसे विजय हजारे ट्रॉफी में इसका इस्तेमाल होता है, जहां यह DLS से अधिक व्यावहारिक माना जाता है। DLS स्कोरिंग रेट को लगातार बढ़ता मानता है, जबकि वीजेडी पारी के चरणों के आधार पर अधिक सटीक लक्ष्य निर्धारित करता है, जैसे 250 रनों पर डीएलएस 154 जबकि वीजेडी 142 टारगेट दे सकता है। यह लिस्ट-ए और टी20 मैचों में आम है।










