एशेज : पर्थ में पहले दिन 19 विकेट निगल गया पेसरों का बवंडर, सुबह इंग्लिश तो शाम कंगारू टीम का निकला जनाजा

0
28

– मिचेल स्टार्क के खौफ में 172 पर उड़ी इंग्लैंड की टीम, आस्ट्रेलिया के भी 9 विकेट पर 123 रन

– मिचेल स्टार्क ने 7 विकेट लिए, हैरी ब्रूक, ओली पोप और जेमी स्मिथ को छोड़ कोई न चला

– इंग्लैंड के बेन स्टोक्स ने भी खोला पंजा, जोफ्रा आर्चर और ब्रायडन कार्स ने भी दिए आस्ट्रेलिया को गहरे जख्म

पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम का उछाल वाला विकेट एशेज सीरीज 2025-26 के पहले टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजों के लिए काल साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से शुरू हुए टेस्ट में इस विकेट पर 295 रन तो बने लेकिन इस दौरान दोनों टीमों के कुल मिलाकर 19 विकेट भी गिरे। विकेट का यह मिजाज यदि दूसरे दिन भी रहा, तो इस टेस्ट का तीसरे दिन तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाएगा।

पहले दिन गिरे सभी विकेट तेज गेंदबाजों के नाम रहे। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनने वाली इंग्लैंड टीम की पहली पारी को आस्ट्रेलिया के सीमर मिचेल क्लार्क ने तहस-नहस कर दिया। मिचेल स्टार्क ने 7 विकेट चटकाकर इंग्लैंड टीम का 172 रनों पर पुलिंदा बांध दिया। इसके बाद तीसरे सेशन से थोड़ी देर पहले ही अपनी पारी शुरू करने वाली आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पर पहले जोफ्रा आर्चर और फिर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स व ब्रायडन कार्स कहर बनकर टूट पड़े। स्टोक्स ने 5 विकेट लेकर आस्ट्रेलियाई टीम की पहली पारी को स्टम्प तक 9 विकेट पर 123 रनों की दयनीय स्थिति में ला खड़ा किया। ब्रेंडन डॉगेट 0 और नाथन लायन 3 रन बनाकर क्रीज पर नाबाद थे।

मेजबान टीम अब भी 49 रनों से पीछे है। आस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। अपना पहला टेस्ट खेल रहे जेक वेदरॉल्ड (00) जोफ्रा आर्चर और आस्ट्रेलिया की पारी के पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर एलबीड्ब्ल्यू आउट हुए। हालांकि अंपायर ने उन्हें नॉटआउट करार दिया था लेकिन बेन स्टोक्स ने रिव्यू का इस्तेमाल किया, जिसके बाद वे आउट करार दिए गए। टी ब्रेक तक आस्ट्रेलिया ने एक विकेट खोकर 15 रन बनाए थे।

अंतिम सत्र में आस्ट्रेलिया ने 8 विकेट खोए। मार्नस लाबुशेन (9) के रूप में दूसरा विकेट भी आर्चर को ही मिला। आर्चर ने लाबुशेन को बोल्ड किया। पैट कमिंस की जगह अंतरिम कप्तान की भूमिका निभा रहे स्टीवन स्मिथ (17) भी सेट होने के बाद ब्रायडन कार्स की गेंद पर हैरी ब्रूक के हाथों कैच हुए, जबकि वन डाउन उतरे उस्मान ख्वाजा (2) को भी कार्स की गेंद पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों पकड़े गए।

जब लगा कि ट्रेविस हेड (21) स्थिति को संभाल लेंगे, बेन स्टोक्स ने उन्हें भी मिड ऑन पर कार्स के हाथों कैच करवाकर आस्ट्रेलिया को 76 के कुल योग पर पांचवां झटका दिया। इसके बाद स्टोक्स का अगला शिकार कैमरन ग्रीन (24) बने, जिन्हें विकेट के पीछे जेमी स्मिथ ने कैच किया। मिचेल स्टार्क भी 12 रन बनाने के बाद स्टोक्स का अगला शिकार बने। उनको मिड ऑन पर कार्स ने लपका। स्टोक्स ने ही एलेक्स कैरी (26) को भी लौटाया। उसी ओवर में स्कॉट बोलैंड (00) भी स्टोक्स के शिकार हुए। बेन स्टोक्स ने 26 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि आर्चर ने 11 रन देकर 2 और कार्स ने 45 रन देकर 2 विकेट लिए।

इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का जो फैसला लिया था वो पूरी तरह गलत साबित हुआ। स्टोक्स ने शायद यह सोच पहले बल्लेबाजी चुनी होगी कि आस्ट्रेलिया की टीम अनुभवी तेज गेंदबाज पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के बिना मैदान पर उतरी है, इसलिए उसके बल्लेबाज इसका फायदा उठा बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो जाएंगे। लेकिन पहले ही ओवर में इंग्लैंड को यह दांव उलटा पड़ता नजर आया। इंग्लैंड का खाता खुलने दिए बगैर स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया को पहले ओवर की अंतिम गेंद पर झटका देते हुए जैक क्राउली को चलता किया। क्राउली ने स्लिप में उस्मान ख्वाजा को आसान कैच पकड़ा दिया।

मिचेल स्टार्क का कहर इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर काल बनकर टूटा। स्टार्क ने आस्ट्रेलिया को पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की कमी जरा भी महसूस नहीं होने दी। दोनों सेशन में मिचेल स्टार्क के सामने इंग्लैंड के बल्लेबाज असहज नजर आए। इस कंगारू सीमर ने इंग्लैंड बल्लेबाजी की दूसरे ही सेशन में कमर तोड़ उसे 172 रनों पर समेट दिया। स्टार्क ने 58 रन देकर 7 विकेट लिए। इसके बाद स्टार्क ने आक्रामक रुख अख्तियार करने वाले बेन डकेट (21) को एलबीडब्ल्यू कर इंग्लैंड को दूसरा आघात दिया।

मेहमान टीम को सबसे तगड़ा झटका तब लगा जब स्टार्क ने नये बल्लेबाज और इंग्लैंह टीम की रीढ़ माने जाने वाले जो रूट को भी खाता खोलने से पहले ही चलता कर दिया। स्टार्क ने रूट को तीसरी स्लिप पर मौजूद मार्नस लाबुशेन के हाथों कैच करवा टॉप ऑर्डर ध्वस्त करते हुए पहले ही घंटे में इंग्लिश बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इतना ही नहीं स्टार्क ने जब इंग्लैंड टीम के सबसे अहम खिलाड़ी जो रूट को डक पर आउट किया तो वह एशेज के इतिहास में अपने विकेट का शतक पूरा करने वाले पहले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज भी बन गए।

स्टार्क ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एशेज में 100 विकेट लेने वाले अब तक के सिर्फ 13वें गेंदबाज हैं तो वहीं दोनों टीमों के मिलाकर देखा जाए तो 21वें गेंदबाज बन गए हैं। स्टार्क ने अब तक एशेज में 23 टेस्ट मैचों में खेलते हुए 26.72 के औसत से अपने 100 विकेट पूरे किए हैं। रूट के आउट होने के बाद ओली पोप और हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला और तेजी से रन बनाए। पैट कमिंस चोटिल होने के चलते पहले टेस्ट से बाहर हैं, ऐसे में कंगारू टीम की ओर से कप्तानी की बागडोर स्टीव स्मिथ संभाल रहे हैं।

स्टीवन स्मिथ ने जब कैमरन ग्रीन को गेंद थमाई तो यह निर्णय सटीक साबित हुआ। ग्रीन ने अपने पहले ही ओवर में खतरनाक बनते जा रहे ओली पोप को चलता किया। पोप ने 58 गेंदों पर 46 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड नियमित अंतराल में अपने विकेट खोता रहा। कप्तान बेन स्टोक्स (6), हैरी ब्रूक (52), गस आटकिंसन (1) के विकेट भी जल्दी निकल गए। मिचेल स्टार्क के अलावा ब्रेंडन डोकेट ने दो और कैमरन ग्रीन ने एक विकेट लिया।

एशेज में आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में से कौन किस पर हावी

ऑस्ट्रेलिया 2017-18 से लगातार एशेज अपने पास रखे हुए है। इंग्लैंड ने आखिरी बार 2015 में एशेज जीती थी. पिछली बार जब इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया गया था, तो उसे 0-4 से करारी हार मिली थी. वैसे भी 2010-11 के बाद इंग्लिश टीम ऑस्ट्रेलियाई धरती पर एशेज सीरीज नहीं जीत पाई है। दोनों के बीच आखिरी सीरीज साल 2023 में इंग्लैंड में हुई थी, जो 2-2 से बराबरी पर छूटी थी।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह 74वीं एशेज सीरीज है। 73 में से ऑस्ट्रेलिया ने 34 सीरीज जीती है। वहीं इंग्लैंड के खाते में 32 सीरीज जीत गई। सात सीरीज ड्रॉ पर भी छूटी। ऑस्ट्रेलिया में खेली गई 36 सीरीज में से मेजबान ने 20, जबकि इंग्लैंड ने 14 सीरीज जीती। पिछली 5 सीरीज की बात करें तो, ऑस्ट्रेलिया ने 2 और इंग्लैंड ने एक में जीत हासिल की। 2 सीरीज बराबरी पर छूटी। डॉन ब्रैडमैन के नाम पर एशेज में सबसे ज्यादा रन (5028) हैं। वहीं शेन वॉर्न 195 विकेटों के साथ सबसे कामयाब बॉलर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अब तक 361 टेस्ट मैच खेले गए हैं। इस दौरान कंगारू टीम ने 152 मैचों में जीत हासिल की, जबकि इंग्लैंड ने 112 मुकाबले जीते। 97 टेस्ट मैच ड्रॉ पर भी छूटे, यानी आंकड़ों में ऑस्ट्रेलियाई टीम का पलड़ा भारी रहा है। वैसे भी ऑप्टस स्टेडियम में इंग्लैंड ने अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, वहीं इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड शानदार है। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैदान पर 5 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उसने चार में जीत हासिल की और एक में हार मिली।

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here