एशिया कप : शुभमन गिल को बनाया जा सकता है टी-20 टीम में सूर्यकुमार का नायब

0
122
BCCI

इंग्लैंड के दौरे पर मेजबान टीम से टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ छुड़ा लाने वाले कप्तान शुभमन गिल को एशिया कप में भारतीय टी-20 टीम का उपकप्तान बनाए जाने की संभावना है। गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम ने पहली बार कोई सीरीज खेली थी। पहला ही इम्तिहान उनका इंग्लैंड में हुआ और उन्होंने और उनकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करके दिखाया।

सभी जानते हैं कि इंग्लैंड में जाकर टेस्ट सीरीज बराबर कराना ही बड़ा काम है। भारतीय टीम के कितने ही कप्तान ऐसे हुए, जो सीरीज हारकर वापस लौटे हैं। इस बीच अब शुभमन गिल को इसका इनाम दिया जा सकता है। काफी हद तक संभावना है कि एशिया कप से पहले ही इसका ऐलान कर दिया जाए।

दरअसल इंग्लैंड सीरीज के बाद अब टीम इंडिया इस पूरे महीने आराम करेगी और इसके बाद आएगा एशिया कप। एशिया कप का आगाज 9 सितंबर से होगा। टीम इंडिया का पहला मुकाबला 10 सितंबर को हैं, लेकिन दुनिया की नजरें 14 सितंबर के मुकाबले पर होंगी, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी। एशिया कप भले ही अगले महीने होना है, लेकिन इसके लिए टीम का ऐलान इसी महीने के आखिर तक हो जाएगा।

पूरी संभावना है कि शुभमन गिल की टी-20 इंटरनेशनल के लिए टीम इंडिया में न सिर्फ वापसी हो सकती है, बल्कि उनको कप्तान सूर्यकुमार यादव के नायब के रूप में भी चुना जा सकता है। शुभमन गिल ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच जुलाई 2024 में खेला था। इसके बाद से वे बाहर चल रहे हैं। लेकिन अब उनकी वापसी की पूरी संभावना नजर आ रही है। इतना ही नहीं, उन्हें टीम का उपकप्तान भी बनाया जा सकता है। अभी भारत की टी20 टीम के उप कप्तान अक्षर पटेल हैं।

अगर शुभमन गिल की वापसी भारत की टी20 टीम में होती है तो फिर कई सारे बदलाव भी नजर आएंगे। गिल किस नंबर पर खेलने के लिए आएंगे, ये भी देखना काफी दिलचस्प होगा। पिछली सीरीज में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग की थी। ये देखना अहम होगा कि इस बार भी क्या यही जोड़ी रहेगी या फिर कुछ बदलाव होगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here