कोंस्टास-केलावे की धमाकेदार साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहले दिन बनाई पकड़

0
55

सैम कोंस्टास (109) के शतक और कैंपबेल केलावे (88) के साथ 198 रनों की साझेदारी से ऑस्ट्रेलिया-ए ने भारत-ए के खिलाफ पहले अनऑफिशियल टेस्ट के शुरुआती दिन मजबूत स्थिति बनाई।

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में मंगलवार को खेले जा रहे इस मुकाबले में मेहमान टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 337 रन बना लिए। दिन का खेल समाप्ति पर लियाम स्कॉट 47 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप 3 रन बनाकर नाबाद लौटे।

ऑस्ट्रेलिया-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और कोंस्टास-केलावे ने भारतीय गेंदबाजों को लंबा इंतजार कराया। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 198 रन जोड़े।

गुरनूर बरार ने केलावे को आउट कर भारत-ए को पहली सफलता दिलाई। केलावे 97 गेंदों पर 10 चौके और 2 छक्के की मदद से 88 रन बनाकर आउट हुए।

भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। हर्ष दुबे ने कप्तान नाथन मैकस्वीनी (1) और शतकवीर कोंस्टास (109) को आउट किया। कोंस्टास ने 114 गेंदों पर 10 चौके और 3 छक्के लगाए।

वहीं खलील अहमद ने ओलिवर पिएके (2) को पवेलियन भेजा। बीच में कूपर कोनोली और स्कॉट ने पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 109 रनों की साझेदारी की।

कोनोली ने 84 गेंदों पर 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 70 रन बनाए, लेकिन हर्ष दुबे ने उन्हें आउट कर भारत-ए को राहत दिलाई। भारत-ए से हर्ष दुबे ने 3 विकेट झटके, जबकि खलील अहमद और गुरनूर बरार को 1-1 सफलता मिली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here