लखनऊ। मैन ऑफ द मैच करन आडवाणी (दो विकेट, 20 रन) के आलराउंड खेल व दीपेश वासवानी (31) की उम्दा पारी से अवध हास्पिटल रनर्स फॉर विक्ट्री ने सिंधी प्रीमियर लीग (एसपीएल) नेशनल लेवल 2025 की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया यूथ विंग उत्तर प्रदेश चैप्टर की लखनऊ इकाई एवं समस्त सिंधी पूज्य पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आशियाना स्थित मल्टी एक्टिविटी सेंटर मैदान पर आयोजित लीग के रविवार देर रात खेले गए फाइनल में अवध हास्पिटल रनर्स फॉर विक्ट्री ने जेबी ग्रुप को पांच विकेट से हराया।
जेबी ग्रुप ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित आठ ओवर में पांच विकेट पर 66 रन का स्कोर बनाया। सतराम ने 18 गेंदों पर एक चौके व पांच छक्के से नाबाद 40 रन बनाए।
उनके अलावा अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। अवध हास्पिटल से करन आडवाणी व निहाल ने दो-दो झटके। जवाब में अवध हास्पिटल रनर्स फॉर विक्ट्री ने 7.4 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 67 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।
सलामी बल्लेबाज करन आडवाणी (20 रन, नौ गेंद, 3 चौके, एक छक्का) ने उम्दा पारी खेलते हुए जीत की नींव रखी। वहीं उनके जोड़ीदार दीपेश वासवानी ने 24 गेंदों पर तीन चौके से नाबाद 31 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
अवध हास्पिटल रनर्स फॉर विक्ट्री के करन आडवाणी ने मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बैटर व सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तीनों पुरस्कार अपने नाम किए जिन्होंने 169 रन बनाने के साथ 13 विकेट भी झटके।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि बाबा साई मोहन लाल (शिव शांति आसूदाराम आश्रम, लखनऊ ) ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने विजेता अवध हास्पिटल रनर्स फॉर विक्ट्री को 75 हजार रुपए व उपविजेता जेबी ग्रुप को 41 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया। इसके साथ सरोजनीनगर विधायक डा.राजेश्वर सिंह की ओर से विजेता को 50 हजार रुपए व उपविजेता को 25 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।
समापन समारोह की अध्यक्षता सिंधी कॉउंसिल ऑफ इंडिया (यूथ विंग) के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र खत्री ने की जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन दास लधानी ने प्रतिभागी टीमों में शामिल खिलाड़ियों का आभार जताया।
सिंधी कॉउंसिल ऑफ इंडिया (यूथ विंग) के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद पंजाबी ने भी विजेता व उपविजेता टीमों को बधाई दी। संयोजक भीमेश अठवानी ने समारोह का संचालन किया।
इस अवसर पर सिंधी कॉउंसिल ऑफ इंडिया (यूथ विंग) उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विवेक लधानी सहित संयोजक सतेंद्र भवनानी व कपिल सावलानी एवं पुलकित राजपाल, राज अठवानी, राकेश अठवानी, नरेश बत्रा व रवि सावलानी भी मौजूद रहे।










