-भारत ने पहले वन डे में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ली
बड़ौदा के बीसीए स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम ने नए साल में न्यूजीलैंड पर 4 विकेट की जीत से शुरुआत की। टीम इंडिया की इस जीत में उसके धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली (93) और कप्तान शुभमन गिल (56) की धांसू पारियों के अलावा श्रेयस अय्यर (49), हर्षित राणा (29) और केएल राहुल (नाबाद 29) के योगदान ने मुख्य भूमिका निभाई। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300 रन बनाए, जिसके जवाब में टीम इंडिया ने जीत के रखे गए लक्ष्य को 49 ओवर्स में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने 3 मैचों की वन डे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मुकाबला राजकोट में14 जनवरी को होगा।
स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली इस जीत के हीरो रहे, जिन्होंने शानदार 93 रनों की पारी खेली। उन्होंने 91 गेंदों का सामना किया और 8 चौके और 1 छक्का जड़ा। विराट कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। विराट कोहली के अलावा इंजरी के बाद वापसी करने वाली कप्तान शुभमन गिल ने भी शानदार अर्द्धशतक लगाया जबकि श्रेयस अय्यर अर्द्धशतक जड़ने से चूक गए। अय्यर ने 49 रनों की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी। रोहित शर्मा आज पूरी लय में नजर आ रहे थे। लेकिन 9वें ओवर में 39 के स्कोर पर वह आउट हो गए। रोहित के बल्ले से 26 रन आए जिसमें 2 शानदार छक्के और 3 चौके शमिल थे। लेकिन इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने दूसरे विकेट के लिए 118 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। इस दौरान विराट कोहली ने अपने 28 हजार इंटरनेशनल रन भी पूरे किए।
वहीं कप्तान शुभमन गिल ने भी अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया। यह अर्द्धशतक कई मैचों के इंतजार के बाद उनके बल्ले से निकला। इस दौरान क्रैंप आने की वजह से गिल को मैदान में ही कुछ देर फीजियो की मदद लेनी पड़ी। इसी वजह से लगा कि उनकी एकाग्रता भंग हुई और 27वें ओवर में वे अपना विकेट गंवा बैठे। गिल ने 56 रन बनाए। विराट कोहली का साथ देने के लिए श्रेयस अय्यर आए। दोनों के बीच 77 रनों की साझेदारी हुई। सब कुछ ठीक चल रहा था और टीम इंडिया तेजी के साथ जीत की ओर बढ़ रही थी तभी मैच में नाटकीय मोड़ आया। 234 पर दो विकेट से काफी मजबूत दिख रही भारतीय टीम ने अचानक तीन विकेट अगले आठ रनों के अंदर खो दिए।
टीम इंडिया को एक के बाद एक ये तीन झटके तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने दिये और किवी टीम को मैच में वापसी करने का शानदार मौका दिया। जैमीसन ने सबसे पहले विराट कोहली को अपना शिकार बनाया। विराट कोहली शतक से चूक गए। कोहली ने 93 रन बनाए। 40वें ओवर की पहली गेंद पर उनका विकेट गिरा। कोहली ने अपनी पारी में एक छक्का और 8 चौके लगाए। जैमीसन ने उनकी जगह आए रवीन्द्र जडेजा को इस ओवर की अंतिम गेंद पर आउट कर दिया। जडेजा सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए तब मैच का रुख न्यूजीलैंड की तरफ मुड़ता नजर आया।
मुश्किलें तब और घनी हो गईं जब जैमीसन ने अपने अगले ही ओवर में श्रेयस अय्यर (49) को बोल्ड कर उनको भी पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। बनाकर आउट हो गए। लेकिन इसके बाद हर्षित राणा ने 29 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत की वापसी कराई। जब हर्षित राणा का विकेट गिरा तो भारत को 22 गेंद में 22 रन चाहिए थे। केएल राहुल (नाबाद 29) और चोटिल वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 7) ने भारत को 49 ओवर में ही जीत दिला दी।
इससे पहले न्यूजीलैंड ने टॉस गंवाने के बाद निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 300 रन जुटाए। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। डेवोन कॉनवे (67 गेंदों में 56) और हेनरी निकोल्स (69 गेंदों में 62) ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े। विल यंग (12), ग्लेन फिलिप्स (12) सस्ते में लौटे। कप्तान माइकल ब्रेसवेल 16 के निजी स्कोर पर रनआउट हुए। हालांकि, चौथे नंबर पर उतरे डेरिल दूसरे छोर पर डटे रहे।
उन्होंने ब्रेसवेल के साथ छठे विकेट के लिए 39 और क्रिस्टियन क्लार्क (नाबाद 24) के संग सातवें विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की। मेहमान टीम के लिए सर्वाधिक रन डेरिल मिचेल (84) ने बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 71 गेंदें खेलते हुए 3 छक्के और 5 चौके लगाए। काइल जैमीसन 8 रन बनाकर नाबाद रहे। जकारी फाउल्केस ने एक रन बनाया। भारत की ओर से हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो जबकि कुलदीप यादव ने एक विकेट हासिल किया।










