ग्रीनपार्क के मुर्दा विकेट का कलंक धोने वाले क्यूरेटर शिवकुमार का मैदान पर दिल का दौरा पड़ने से निधन

0
213

-क्रिकेट इंडोनेशिया ने शिव कुमार यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया

कानपुर। ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम के अनुभवी क्यूरेटर और बीसीसीआई के सेन्ट्रल जोन के कंसल्टेंट क्यूरेटर शिवकुमार यादव का मंगलवार को शाम साढ़े तीन से चार बजे के आसपास दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे पिच के काम की देखरेख के दौरान ग्रीनपार्क मैदान में कुर्सी पर बैठे-बैठे कॉर्डियक अरेस्ट पड़ने से बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत ही सिविल लाइन्स स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने दिल का दौरा पड़ने की जानकारी देते हुए कॉर्डियोलॉजी ले जाने की सलाह दी लेकिन कॉर्डियोलॉजी के गेट पर पहुंचते से पूर्व उनकी सांसें टूट चुकी थीं। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बेटा और पत्नी को पुणे में मिली दु:खद सूचना
उनकी पत्नी और बेटा पुणे में हैं, जिन्हें यह दु:खद सूचना दे दी गई है। उनके सुबह तक पहुंचने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके गृह जिले बरेली में किया जायेगा। उनका पार्थिव शरीर ग्रीनपार्क स्टेडियम में रखा गया है जहां उन्हे श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। क्रिकेट इंडोनेशिया ने शिवकुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। शिवकुमार लगभगग ढाई से तीन दशक तक ग्रीनपार्क में बतौर क्यूरेटर कार्य करते रहे। खेल विभाग से वीआरएस लेकर वे पूरी तरह से यूपीसीए के साथ जुड़ गए थे।

इलेक्ट्रीशियन के पद पर रहते हुए देश के अनुभवी क्यूरेटर बने
शिवकुमार जब गाजीपुर से कानपुर ट्रांसफर हुए तब ग्रीनपार्क की छवि मुर्दा विकेट पर नतीजे न देने वाले एक टेस्ट सेंटर के रूप में थी। तब कानपुर को ड्रॉ मैचों का बादशाह भी कहा जाता था। यह वो दौर था, जब ग्राउंड्समैन सीताराम और छोटेलाल ही विकेट का निर्माण भी कर लिया करते थे। लेकिन खेल विभाग में इंलेक्ट्रीशियन के पद पर नियुक्त होने वाले शिवकुमार ने पिच निर्माण का कार्य न सिर्फ सीखा बल्कि देश के अनुभवी क्यूरेटर भी बने। उन्होंने विकेट निर्माण के कार्य में इतनी दक्षता हासिल कर ली कि जल्दी ही ग्रीनपार्क रिजल्ट देने लग गया।

ग्रीनपार्क के डेड विकेट में जान फूंक गए शिवकुमार
ग्रीनपार्क के मुर्दा विकेट में लगातार काम करके शिवकुमार ने उसमें जान फूंक दी और उस पर लगे परिणाम न दे पाने के कलंक को धो डाला। शिवकुमार के विकेट निर्माण में उतरने के बाद ग्रीनपार्क स्पोर्टिंग विकेट बन चुका था। अजहरुद्दीन, सौरभ गांगुली, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले और महेन्द्र सिंह धोनी भी शिवकुमार के मुरीद हो गए। मैच के बाद अच्छा विकेट बनाने के लिए उन्हें निजी तौर पर पुरस्कृत भी करके थे। इसके बाद तो शिवकुमार को देश के उन सेन्टरों में भी मदद के लिए भेजा जाने लगा, जहां विकेट को लेकर समस्या होती।

शिवकुमार टर्फ विकेट के लिए कड़ी मेहनत करते थे
बेहद मिलनसार स्वभाव के शिवकुमार टर्फ विकेट के निर्माण के लिए कड़ी मेहनत करते थे। उनके अंदर अपने काम को लेकर इतना जुनून था कि उन्हें ऑफ सीजन में भी देर रात तक ग्रीनपार्क में विकेट पर काम करते देखा जाता था। टेस्ट और वन डे क्रिकेट के लिए जैसा विकेट मांगा जाता, वे वैसा ही विकेट बनाकर देते थे। लाल और काली मिट्टी के विकेट बनाने में देश में उनका कोई जोड़ नहीं था। इन दिनों तो वे टी-20 फॉर्मेट वाले आईपीएल के लिए भी विकेट तैयार करवा रहे थे।

बाली इंटरनेशनल ओवल में टर्फ सुविधाओं की तैयारी में सहायता की
क्रिकेट इंडोनेशिया ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए कहा कि क्रिकेट इंडोनेशिया शिव कुमार यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है, जिनका इंडोनेशिया में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास में योगदान के लिए हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। शिव कुमार जो भारत के प्रोफेशनल क्रिकेट ग्राउंड तैयारी इकोसिस्टम में काम करने वाले सम्मानित क्रिकेट टर्फ विशेषज्ञ थे, जिसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के नेटवर्क के तहत काम करने वाले मैदानों के साथ सहयोग भी शामिल था, उन्होंने अपनी प्रोफेशनल जिम्मेदारियों से समय निकालकर इंडोनेशिया की यात्रा की और बाली इंटरनेशनल ओवल में टर्फ सुविधाओं की तैयारी में सहायता की। क्रिकेट इंडोनेशिया ने अपने शोक संदेश में कहा कि अपने व्यावहारिक मार्गदर्शन, विशेषज्ञता और ज्ञान साझा करने की इच्छा के माध्यम से, शिव कुमार यादव ने इंडोनेशिया क्रिकेट की काफी मदद की। उनकी प्रतिबद्धता प्रोफेशनल दायित्व से कहीं बढ़कर थी, जो खेल के वैश्विक विकास में सहायता करने के उनके व्यक्तिगत जुनून को दर्शाती है।

इंडोनेशियाई क्रिकेट उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा
क्रिकेट इंडोनेशिया ने उनकी सराहना करते हुए कहा है कि शिव कुमार यादव ने इंडोनेशियाई क्रिकेट की मदद के लिए अपना व्यक्तिगत समय और ऊर्जा समर्पित की। बाली में शिव कुमार के काम और उपस्थिति की यादें देश में क्रिकेट विकास की यात्रा में स्थायी रूप से अंकित रहेंगी। पूरे इंडोनेशियाई क्रिकेट समुदाय की ओर से, क्रिकेट इंडोनेशिया इस दुख की घड़ी में शिव कुमार यादव के परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर शिव कुमार की आत्मा को शांति दे। इंडोनेशियाई क्रिकेट में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here