– एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में भारत के पहली पारी में 5 विकेट पर 310 रन
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में बतौर कप्तान शुभमन गिल के बैक टू बैक शतक (नाबाद 114) और उससे पहले यशस्वी जयसवाल (87) की बेहतरीन पारी की मदद से भारत ने एजबेस्टन में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 5 विकेट पर 310 रन बना लिए थे। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच बुधवार से बर्मिंघम में शुरू हुआ। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसे नौवें ओवर में तब पहला झटका लगा, जब केएल राहुल 26 गेंद में सिर्फ 2 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इस समय भारत का स्कोर सिर्फ 15 रन ही था।
यशस्वी जयसवाल और करुण नायर के बीच 80 रनों की साझेदारी
इसके बाद जब यशस्वी जयसवाल और करुण नायर के बीच हुई 80 रनों की साझेदारी से टीम संभलते दिख रही थी कि तभी नायर के रूप में भारत को दूसरा झटका झेलना पड़ा। नायर 50 गेंद में 31 रन बनाकर ब्रैडन कार्स की गेंद पर सैकेंड स्लिप में हैरी ब्रुक के हाथों कैच आउट हो गए। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल एक छोर से अपने अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने तीसरे विकेट पर कप्तान गिल के साथ 66 रन जोड़े। लेकिन वे लगातार दूसरी टेस्ट में शतक बनाने से चूक गए।
यशस्वी 87 और पंत 25 रन बनाकर लौटे
यशस्वी जयसवाल 107 गेंद में 13 चौक्कों की मदद से 87 रन बनाकर बेन स्टोक्स की गेंद पर विकेट कीपर स्मिथ को कैच थमाकर आउट हुए। भारत का तीसरा विकेट 161 रनों पर गिरा। इसके बाद जब कुल स्कोर 208 रन था भारत को ऋषभ पंत के रूप में चौथा झटका लगा। पहले टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले पंत यहां 42 गेंद में सिर्फ 25 रन बनाकर लांग ऑन पर शोएब बशीर की गेंद पर क्राउली के हाथों कैच आउट हुए।
गिल और जडेजा के बीच 99 रनों की अटूट साझेदारी
शार्दूल ठाकुर की जगह टीम में इन्ट्री पाने वाले नीतीश कुमार रेड्डी भी 6 गेंद में केवल एक रन बना क्रिस वोक्स की गेंद पर बोल्ड हो गए। वे समझ ही नहीं सके की उनका ऑफ स्टम्प कहां है, गेंद को उन्होंने बाहर जाती समझ विकेट कीपर के लिए छोड़ दिया था लेकिन वो उनकी गिल्लियां ले उड़ी। भारत का पांचवां विकेट 211 पर गिर चुका था लेकिन इसके बाद गिल और रविंद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 99 रन की अटूट साझेदारी कर भारत की पारी को जल्दी ढहने से बचा लिया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी कप्तानी में लगातार दूसरा शतक जड़ने वाले शुभमन गिल (114 रन, 216 गेंद, 12 चौक्के) के साथ रविंद्र जडेजा (41) क्रीज पर मौजूद थे।
शुभमन गिल ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय कप्तान
शुभमन गिल बतौर कप्तान इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो मैचों में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बने हैं। गिल से पहले ये रिकॉर्ड मोहम्मद अजहरुद्दीन और विजय हजारे के नाम था। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 1990 में इंग्लैंड दौरे पर बतौर कप्तान लगातार दो मैचों में शतक लगाया था। उन्होंने लॉर्ड्स में और ओल्ड ट्रैफर्ड में शतकीय पारी खेली थी। उनसे पहले विजय हजारे ने 1951-52 में कप्तान के तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो टेस्ट मैचों में शतक लगाया था। गिल अब ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं।
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में तीन चेंज
इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारत ने दूसरे टेस्ट में आकाशदीप, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में रखा। पिछले मैच का हिस्सा रहे साई सुदर्शन, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर दूसरा टेस्ट नहीं खेल रहे हैं। इंग्लैंड की टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 5 विकेट से जीत दर्ज की थी और सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
भरोसे पर खरे नहीं उतरे नितीश कुमार रेड्डी
कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के समय कहा था कि पिछले मैच में निचले क्रम के बल्लेबाजों ने ज्यादा योगदान नहीं दिया। इसी वजह से उन्होंने बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूत किया है। लेकिन अब नितीश रेड्डी को निचले क्रम पर बेहतरीन बैटिंग करने के लिए प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था, लेकिन उन्होंने कप्तान के कहे को गलत साबित किया है। नितीश से टीम को कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर बड़ी साझेदारी देने की जरूरत थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।










