एक बार फिर साबित हो गया कि मौत कब किस रूप में झपट्टा मारकर जिंदगी को निगल ले इसकी किसी को खबर नहीं लग सकती। सोमवार को मुरादाबाद में क्रिकेट ग्राउंड से एक ऐसी ही दु:ख भरी खबर आई। डॉ. गौरहरि सिंहानिया ट्रॉफी के लिए खेली जा रही यूपी टी-20 इण्टर डिस्ट्रिक्ट चैम्पियनशिप में सम्भल के खिलाफ एक मैच के अंतिम ओवर में वो भी घटा जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। इस मुकाबले को तो मुरादाबाद ने 12 रनों से जीत लिया लेकिन इस जीत के लिए उसे अपने एक बेहतरीन खिलाड़ी को हमेशा के लिए गंवाना पड़ गया। इस मैच के अंतिम ओवर में 40 वर्षीय वेटरन तेज गेंदबाज अमहर खान के दिल की धड़कनें इतनी तेजी से बढ़ीं कि मैच जीतते ही इस खिलाड़ी को उसकी टीम हमेशा के लिए हार बैठी।
किसी को खबर भी नहीं थी कि अमहर खान अपनी जिंदगी का अंतिम ओवर डाल चुके हैं। यह खिलाड़ी टीम की जीत के बाद हार्ट अटैक आने से मैदान में ऐसा गिरा कि फिर उठ नहीं सका। साथी खिलाड़ी उसे लेकर अस्पताल भागे लेकिन डॉक्टर तक पहुंचते-पहुंचते बहुत देर हो चुकी थी, क्योंकि अमहर की सांसें तब तक जवाब दे चुकी थीं। अपनी टीम को अंतिम मैच जिताने के बावजूद अमहर अपनी जिंदगी की जंग हार चुके थे।
पिछले वर्ष यूपी वेटरन चैलेंजर ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन देखने के बाद चयनकर्ता गोपाल शर्मा ने उन्हें यूपी नार्थ टीम में शामिल किया था। इस खिलाड़ी के निधन से न सिर्फ मुरादाबाद बल्कि विपक्षी टीम सम्भल के खिलाड़ी भी शोकाकुल हो गए। जब इस घटना की जानकारी कानपुर पहुंची तो यहां भी खिलाड़ियों और पदाधिकारियों में मातम पसर गया।
कानपुर में अमहर खान को दी गई श्रद्धांजलि
टीएसएच, आर्य नगर, कानपुर में आयोजित यूपी वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन की श्रद्धांजलि सभा में माहौल गमगीन रहा। चेयरमैन पियूष अग्रवाल, प्रेसिडेंट डॉ. आईएम रोहतगी, सेक्रेटरी गिरीश कपूर, सीईओ बॉबी पाठक, वाइस प्रेसिडेंट अमिताभ गुप्ता, अनुराग कपूर, ज्वाइंट सेक्रेटरी विवेक जॉन, राजेश शर्मा, ट्रेजरार विजय दीक्षित, राजेश सिंह, जय बजाज, राजेश जायसवाल, आशू मेहरोत्रा, मनीष मालवीय समेत सभी ने दो मिनट का मौन रखकर नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।










