आस्ट्रेलिया को बॉक्सिंग डे के पहले ही दिन अपनी दूसरी पारी खेलने के लिए उतरना पड़ गया। 5 टेस्ट मैचों की एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट के पहले दिन आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के 20 विकेट गिरे, जबकि इस दौरान सिर्फ 266 रन ही बने। आस्ट्रेलिया के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हुए इस टेस्ट में बल्लेबाजों के लिए विकेट काल साबित हुआ। दोनों टीमों के तेज गेंदबाजों ने यहां बल्लेबाजों को विकेट पर ज्यादा देर खड़ा नहीं होने दिया। आस्ट्रेलिया पहले ही इस सीरीज में 3-0 की अपराजेय बढ़त ले चुकी है। विकेट गिरने की यही रफ्तार रही तो इस टेस्ट का फैसला अगले दो दिनों में निकल सकता है।
इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया की पहली पारी को 152 रनों पर समेटा
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड ने आस्ट्रेलिया की पहली पारी को 152 रनों पर समेट दिया। इसके बाद आस्ट्रेलिया ने भी पहले दिन का खेल खत्म होने से थोड़ी देर पहले इंग्लैंड का भी 110 रनों पर पुलिंदा बांध दिया। इसके बाद बचे एक ओवर के खेल में आस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में बिना विकेट खोए 4 रन बना लिए थे। स्कॉट बोलैंड (4) और ट्रेविस हेड (0) नाबाद थे। यह चौथा मौका है, जब मेलबर्न में खेले गए टेस्ट में एक दिन में 20 या उससे अधिक विकेट गिरे हैं।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने पंजा खोला
ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रेविस हेड (12), जेक वेदराल्ड (10), उस्मान ख्वाजा ने (29), एलेक्स कैरी (20) और कैमरन ग्रीन (17) के अलावा कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ (9) भी अपनी टीम को खास योगदान नहीं कर सके। लेकिन आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए माइकल नेसर ने 7 चौके लगाते हुए 35 रनों की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को और दुर्दशा से बचा लिया। आस्ट्रेलिया को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया और 45 रन देकर 5 विकेट लिए, जबकि गस एटकिंसन ने 28 रन देकर ट्रेविस हेड और उस्मान ख्वाजा के बड़े विकेट निकाले। कप्तान बेन स्टोक्स और ब्रायडन कार्स ने भी 1-1 विकेट लिया।
इंग्लैंड की टीम भी 110 रनों पर ढेर, नेसर ने 4 विकेट लिए
आस्ट्रेलिया की पहली पारी सस्ते में समेटने के बावजूद इंग्लैंड बड़ा स्कोर टांग मेजबान टीम पर दबाव बनाने का मौका चूक गया और उसकी पूरी पारी 110 रनों पर धराशायी हो गई। हैरी ब्रूक ने 41 रन बनाकर अकेले दम लड़ाई लड़ी। इसके अलावा अंतिम विकेट के रूप में आउट होने वाले गस एटकिंसन ने 28 और कप्तान बेन स्टोक्स ने 16 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए माइकल नेसर ने 4, स्कॉट बोलैंड ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए, जबकि कैमरन ग्रीन को 1 विकेट मिला। यदि इंग्लैंड पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया पर बड़ी बढ़त लेने में कामयाब रहती, तो वह दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना सकती थी लेकिन यह मौका इंग्लैंड के हाथ से निकल गया।










