– भारत के 587 रनों के जवाब में इंग्लैंड के 407, 180 रनों की बढ़त के बाद भारत की दूसरी पारी में के एक विकेट पर 64 रन
– कुलदीप यादव की कमी खली, प्रसिद्ध कृष्णा की गेंदें की फिर हुई जमकर पिटाई
बर्मिंघम के एजबेस्टन में शुक्रवार को तीसरे दिन के दूसरे ओवर में गिरे मेजबान इंग्लैंड के दो विकेटों के बाद पूरे दो सत्र हैरी ब्रुक (158 रन, 234 गेंदें, एक छक्का, 17 चौक्के) और जेमी स्मिथ (184 रन, 207 गेंदें, 4 छक्के, 21 चौक्के) के नाम रहे। दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय गेंदबाजी की सुतली खोलकर रख दी। नतीजा यह रहा कि आधी टीम 84 रनों पर पवेलियन लौटाने के बाद भारत को अगले विकेट के लिए अंतिम सत्र तक इंतजार करना पड़ा। शतकीय पारियां खेलने वाले ब्रुक और स्मिथ के बीच छठे विकेट के लिए 303 रनों की साझेदारी ने इंग्लैंड को फॉलोऑन से तो बचा ही लिया साथ ही इस मैच को रोमांचक मोड़ भी दे दिया।
सिराज ने 6 विकेट चटकाकर करवाई वापसी
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेली जारी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मैच के तीसरे दिन मोहम्मद सिराज और आकाशदीप ने टी ब्रेक के बाद भारत को वापसी करवाई और इंग्लैंड की पहली पारी को 407 रन पर समेटकर 180 रनों की बढ़त दिलाकर एक बार फिर ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया। सुबह अपने पहले ओवर में जो रूट (22) और कप्तान बेन स्टोक्स (00) को दो गेंदों पर पवेलियन लौटाने वाले सिराज ने टी ब्रेक के बाद पंजा खोल आकाशदीप के साथ सिर्फ 20 रनों के भीतर इंग्लैंड की बाकी आधी टीम को समेट दिया। हैरी ब्रूक ने 158 रन और जैमी स्मिथ ने नाबाद 184 रन बनाए। ब्रूक और स्मिथ की वजह से ही इंग्लैंड की टीम 400 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही। टेस्ट क्रिकेट के 148 सालों के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी टीम ने एक पारी में 400 प्लस बनाए हों और उसके 6 बल्लेबाज जीरो पर आउट हो गए हों। क्रिस वोक्स 5 रन ही बना सके। ब्रायडन कार्स और जोश टंग खाता नहीं खोल सके। सिराज ने शोएब बशीर को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी का अंत किया। सिराज ने 70 रन देकर 6 और आकाशदीप ने 88 रन देकर 4 विकेट लिए।
भारत ने यशस्वी का विकेट खोकर 64 रन बनाए
इसके बाद दूसरी पारी में यशस्वी जयसवाल (28) का विकेट खोकर 13 ओवरों में तेजी के साथ 64 रन भी बना डाले। केएल राहुल (28) और करुण नायर (07) क्रीज पर हैं। यशस्वी को जॉश टंग ने एलबीडब्ल्यू किया। भारत को चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की कमी एक बार फिर खली। उन पर तरजीह देकर प्लेइंग इलेवन में शामिल किए जाने वाले वाशिंगटन सुंदर की गेंदों की अंग्रेज बल्लेबाजों ने जमकर कुटाई की। प्रसिद्ध कृष्णा के बाद गेंदबाजों में सबसे खराब इक्नॉमी रेट वाशिंगटन सुंदर का ही रहा, जिनकी भी झोली 14 ओवर 73 रन खर्चने के बाद खाली ही रही। प्रसिद्ध कृष्णा के लिए अगले मैच की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना अब मुश्किल नजर आ रहा है। उन्होंने सबसे खराब इक्नॉमी रेट के साथ 13 ओवर में बिना विकेट लिए 72 रन दे डाले।
बल्लेबाजों की मेहनता पर गेंदबाजों ने फेरा पानी
भारतीय बल्लेबाजों ने पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन गेंदबाजों ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। सिराज और आकाशदीप ने आधी टीम सौ रनों के भीतर ही पवेलियन भेज दी थी लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा, नीतीश कुमार रेड्डी, रविन्द्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर मिलकर 244 रन देने के बावजूद एक भी विकेट नहीं निकाल पाए। इन गेंदबाजों का यदि थोड़ा भी साथ मिला होता तो इंग्लैंड को न सिर्फ फॉलोऑन खेलना पड़ता, बल्कि तीसरे दिन मेजबान टीम के कुछ विकेट निकाल कर भारत की मैच में काफी मजबूत पकड़ हो सकती थी। क्षेत्र रक्षण एक बार फिर अप टू द मार्क नहीं रहा, जिसका भी फायदा बल्लेबाजों ने उठाया।










