भारत के मिसाइल बॉलर जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी को लगता है नजर लग गई है। इंग्लैंड की पहली पारी में यह धाकड़ गेंदबाज कतई अपनी रौ में नहीं नजर आया। गेंदबाजी के दौरान बुमराह को लंगड़ाते हुए भी देखा गया और इंग्लिश बल्लेबाजों के सामने 125-130 की गिरी रफ्तार से ही गेंदबाजी कर सका। इसका परिणाम यह निकला कि मेजबान बल्लेबाजों पर उसका खौफ खत्म सा नजर आया और उन्होंने बुमराह की गेंदबाजी के सामने पहली पारी में 33 ओवर्स में 112 रन कूट डाले। बुमराह अपनी लाइन और लेंथ से बिल्कुल भटके हुए नजर आए और उन्हें सिर्फ 2 विकेट हासिल हुए।
जसप्रीत बुमराह ने भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में साल 2018 में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कई विदेशी दौरों पर अपनी गेंदबाजी का जलवा दिखाया। उन्होंने अभी तक 48 टेस्ट मैचों में कुल 219 विकेट अपने नाम किए हैं, जिसमें 15 बार पांच विकेट हॉल शामिल हैं।
चौथे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए थे। इसके बाद इंग्लैंड के लिए बल्लेबाजों ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया। जो रूट और बेन स्टोक्स ने शतक लगाए। इन प्लेयर्स की वजह से ही इंग्लैंड की टीम बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही। स्टोक्स ने 141 रन और जो रूट ने 150 रन बनाए। बेन डकेट ने 94 रन बनाए। इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 311 रनों की बढ़त ले ली।










