भारतीय स्टार शटलर किदाम्बी श्रीकांत ने कनाडा ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में वर्ल्ड नंबर 6 और चीनी ताइपे के शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी चोऊ टिएन चेन पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका मुकाबला जापान के तीसरे वरीय केंटा निशिमोटो से होगा। श्रीकांत ने 43 मिनट तक चले इस क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चेन को 21-18, 21-9 से शिकस्त दी।
मैच की शुरुआत में श्रीकांत ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 5-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि चोउ टिएन चेन ने वापसी करते हुए स्कोर 16-16 से बराबर कर लिया। इसके बाद श्रीकांत ने अगले 6 में से 5 अंक अपने नाम कर पहला गेम जीत लिया। दूसरे गेम में भी श्रीकांत का दबदबा बरकरार रहा। इंटरवल तक उन्होंने 11-6 की बढ़त हासिल कर ली और फिर एक के बाद एक अंक लेकर 19-7 की निर्णायक बढ़त बनाई। अंत में उन्होंने दूसरा गेम और मुकाबला अपने नाम कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
अब श्रीकांत का सामना सेमीफाइनल में जापान के केंटा निशिमोटो से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक 10 मुकाबले हुए हैं, जिनमें श्रीकांत ने 6 बार जीत दर्ज की है। हालांकि पिछली भिड़ंत में 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप में निशिमोटो ने श्रीकांत को हराया था। ऐसे में इस बार मुकाबला कड़ा और दिलचस्प रहने वाला है।
इस टूर्नामेंट में एस शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में जापान के निशिमोटो के खिलाफ जोरदार टक्कर दी। हालांकि 79 मिनट चले मुकाबले में शंकर को 15-21, 21-5, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा। महिला सिंगल्स में श्रीयांशी वलिसेट्टी का अभियान डेनमार्क की अमाली शुल्ज के हाथों हार के साथ समाप्त हो गया।










