आईसीसी टी20 विश्व कप में ग्रुप ए का समीकरण अब पूरी तरह खुला हुआ है। अमेरिका ने नामीबिया पर 31 रन की जीत दर्ज कर सुपर आठ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। लगातार दूसरी जीत के साथ टीम ने चार अंक जुटाए और भारत तथा पाकिस्तान के बाद तीसरे स्थान पर रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अमेरिका ने 199 रन बनाए-टी20 विश्व कप में उसका सर्वश्रेष्ठ स्कोर। कप्तान मोनांक पटेल और संजय कृष्णमूर्ति ने पारी को अलग-अलग चरणों में गति दी।
मोनांक ने 30 गेंदों पर 52 रन ठोककर पावरप्ले में ही मैच की दिशा तय कर दी। उन्होंने शायन जहांगीर के साथ 6.5 ओवर में 68 रन जोड़े और नामीबिया के गेंदबाजों पर शुरू से दबाव बनाया।
मिडिल ऑर्डर में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ संजय कृष्णामूर्ति ने 33 गेंदों पर नाबाद 68 रन की विस्फोटक पारी खेली। चार चौकों और छह छक्कों से सजी इस पारी में 17वें ओवर में लगातार तीन छक्के खास रहे। मिलिंद कुमार (28) के साथ उनकी 87 रन की साझेदारी ने अमेरिका को 200 के करीब पहुंचा दिया।
199 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नामीबिया ने आक्रामक शुरुआत की। लॉरेन स्टीनकैंप ने 39 गेंदों में 58 रन बनाकर मुकाबले को जिंदा रखा। 10 ओवर के बाद स्कोर 97/1 था और मैच संतुलन में दिख रहा था।
लेकिन यहीं से अमेरिका ने वापसी की। शैडली वैन शाल्कविक ने अहम मौकों पर विकेट झटके और टूर्नामेंट में अपने विकेटों की संख्या 13 तक पहुंचाई- जो अब तक सर्वाधिक है।
सौरभ नेत्रवलकर और शुभम रंजने ने भी निर्णायक झटके देकर रनगति पर ब्रेक लगाया। 13 रन के अंतराल में तीन विकेट गिरने से नामीबिया की पारी बिखर गई और टीम 168 रन पर सिमट गई।










