कप्तान स्मृति मंधाना की शतकीय पारी से भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड दौरे पर पहले मुकाबले में 97 रनों से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इस शतक के साथ स्मृति मंधाना ऐसी पहली भारतीय महिला क्रिकेटर भी बन गईं हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वन डे और टी-20 में शतक लगाया है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस रनों की पारी खेलने के मामले में स्मृति मंधाना ने बेथ मूनी के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है, जिसमें वह 8 फिफ्टी प्लस पारियों के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। मंधाना के नाम टेस्ट में जहां 2 शतकीय पारियां दर्ज हैं तो वहीं वनडे में वह 11 शतक लगा चुकी हैं।
नॉटिंघम के मैदान पर खेले गए सीरीज के पहले मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना की पारी की बदौलत 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य का पीछा करने वाली इंग्लैंड की टीम 14.5 ओवर्स में सिर्फ 113 रन बनाकर सिमट गई। भारत के लिए गेंदबाजी में श्री चरणी ने 4 विकेट चटकाकर इंग्लैंड की पारी को ध्वस्त करने में अहम भूमिका निभाई।
नॉटिंघम में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मैच में इंग्लैंड महिला टीम को उसकी अब तक की रनों के अंतर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम एकबार भी भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाने में कामयाब नहीं हो सकी। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट की 66 रनों की पारी छोड़कर कोई अन्य बल्लेबाज पिच पर अधिक समय बिताने में कामयाब नहीं हो सका। भारत की तरफ से श्री चरणी के अलावा दीप्ति शर्मा और राधा यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए।
स्मृति मंधाना के नेतृत्व में सीरीज का पहला टी20 मुकाबला खेलने मैदान पर उतरी भारतीय महिला टीम की ये टी20 इंटरनेशनल में रनों के अंतर से चौथी सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजी प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो उसमें कप्तान मंधाना ने जहां 112 रनों की पारी खेली तो वहीं हरलीन देओल के बल्ले से 43 रन देखने को मिली। अब दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का दूसरा मुकाबला एक जुलाई को ब्रिस्टल के मैदान पर खेला जाएगा।
भारतीय टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने इंग्लैंड दौरे का आगाज शानदार तरीके से किया। टीम इंडिया सीरीज के पहले मुकाबले में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करनी उतरी थी, जिसके बाद मंधाना की बेहतरीन शतकीय पारी के दम पर भारतीय टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। स्मृति मंधाना ने 62 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और तीन छक्के लगाए। मंधाना पहली ऐसी भारतीय महिला खिलाड़ी भी बन गई हैं, जिनके नाम तीनों ही फॉर्मेट में शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वहीं वर्ल्ड क्रिकेट में देखा जाए तो स्मृति ये कारनामा करने वाली अब तक की सिर्फ पांचवीं महिला खिलाड़ी हैं। इंग्लैंड में टी20 में शतक लगाने वाली भी स्मृति मंधाना अब तक की सिर्फ दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी हैं, जिसमें उनसे पहले ये कारनामा सिर्फ हरमनप्रीत कौर ने ही किया था।










