यूपी रणजी और आईपीएल चैम्पियन टीम के तेज गेंदबाज यश दयाल पर केस दर्ज, कॅरिअर पर संकट

0
59

यूपी रणजी टीम के तेज गेंदबाज और आईपीएल 2025 की चैम्पियन आरसीबी के लिए शानदार प्रदर्शन कर उसे चैम्पियन बनवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले यश दयाल का क्रिकेट कॅरिअर फिलहाल खतरे में पड़ता नजर आ रहा है। उनके खिलाफ सोमवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में एक महिला ने मानसिक और शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया है। उनके खिलाफ इंदिरापुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (BNS) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।

पीड़िता ने दर्ज करवाई थी शिकायत

पीड़िता ने पहले इंटीग्रेटिड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम (IGRS) के जरिए शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद से ही पुलिस जांच कर रही थी। पीड़िता ने शिकायत में बताया था कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसकी यश दयाल से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों में प्रेम भी हुआ। लेकिन आरोप है कि यश ने शादी का झांसा देकर उसे धोखा दे दिया। पीड़िता ने पुलिस को कई साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।

रिंकू सिंह ने यश दयाल के एक ओवर में लगाए थे पांच छक्के

यश दयाल साल 2022 से ही आईपीएल में खेल रहे हैं। अपने शुरुआती दो सीजन वह गुजरात टाइटंस की तरफ से खेले थे। तब वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए उन्होंने केकेआर के खिलाफ आखिरी ओवर में 30 लुटा रन दिए थे, तब रिंकू सिंह ने उनके ओवर में पांच छक्के लगाए थे। इसके बाद उनके खराब प्रदर्शन को देखते हुए गुजरात टाइटंस ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

13 विकेट लेकर आरसीबी को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका अदा की

आईपीएल 2024 ऑक्शन में आरसीबी की टीम ने उन्हें 5 करोड़ रुपए में खरीदा था। आरसीबी की टीम के साथ उनका प्रदर्शन और निखरकर सामने आया है। आईपीएल 2025 में उन्होंने आरसीबी की टीम के लिए कुल 13 विकेट हासिल किए और खिताब जिताने में अहम भूमिका अदा की। आईपीएल 2025 का खिताब आरसीबी की टीम ने पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर जीता था। लेकिन अब आरसीबी के तेज गेंदबाज यश दयाल के लिए बुरी खबर सामने आई है। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 43 मैचों में कुल 41 विकेट अपने नाम किए हैं। घरेलू क्रिकेट में भी यश का प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने 27 फर्स्ट क्लास मैचों में कुल 84 विकेट हासिल किए थे। इसके अलावा 23 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम पर 36 विकेट दर्ज हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here