कानपुर। 7 फरवरी से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट की ट्रॉफी शनिवार को कानपुर के केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल बर्रा-8 पहुंची।
कुलदीप यादव के स्कूल पहुंची ट्रॉफी को डॉ. संजय कपूर और सुधीर शुक्ला ने रिसीव किया
ये कुछ ऐसे भावुक क्षण थे जो भविष्य के लिए कुछ बड़े क्रिकेटर पैदा करने का बीज रोप गए। कुलदीप यादव ने यहीं से पढ़ाई करने के साथ क्रिकेट भी सीखा और अपने राज्य ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए उड़ान भरने का मकसद भी तलाशा। ट्रॉफी के शहर आगमन पर केडीएमए ग्रुप्स ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और मुख्य अतिथि व न्यूज 24 के डायरेक्टर सुधीर शुक्ला ने इसे रिसीव किया।
डॉ. संजय कपूर ही कुलदीप यादव को स्कूल टाइम में किसी टूर्नामेंट में खेलने के लिए क्रिकेट किट समेत सभी अन्य संसाधन भी उपलब्ध करवाते थे। ‘क्लास ऑफ 26’ टूर के तहत यह ट्रॉफी अलीगढ़ में रिंकू सिंह के शासनी विद्यालय से होते हुए कानपुर पहुंची। इस मौके पर स्कूली छात्र-छात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में शहर की विभिन्न क्रिकेट अकादमियों के युवा क्रिकेटर भी मौजूद थे, जो ट्रॉफी की एक झलक पाने को बेताब थे।
ये कुछ ऐसे भावुक लम्हे थे जो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेटर पैदा करने का बीज रोप गए
इस दौरान तमाम खूबसूरत पल युवा खिलाड़ियों की आंखों से होकर उनके दिलों दिमाग को झनझना गए। युवा क्रिकेटरों ने इन लम्हों को अपनी अविस्मरणीय याद के रूप में सुरक्षित कर लिया। किसी युवा खिलाड़ी ने मंच पर ट्रॉफी के साथ खुद को फ्रेम कर भविष्य के विजेता के रूप में अपने सपने बुने तो किसी को यह ट्रॉफी बड़ा क्रिकेटर बनने का लक्ष्य दिखा गई।

केडीएमए इंटरनेशनल स्कूल में बीते कुछ पल बच्चों और शहर की विभिन्न अकादमियों से आए युवा क्रिकेटरों को प्रोत्साहित कर गए और देश के लिए ट्रॉफी जीतने के सपने पूरा करने की वजह दे गए। कुछ नवोदित खिलाड़ियों के लिए तो ये लम्हे सपने सरीखे थे।
उन्हें यकीन ही नहीं हो पा रहा था कि उनके आसपास जो कुछ घटित हो रहा है, वह सच है और वे अपने पास उस चमचमाती ट्रॉफी को देख पा रहे हैं जो कुछ दिनों बाद किसी बड़े मंच से आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान को दी जाने वाली है। हर युवा क्रिकेटर चाहता था कि ये पल कुछ देर और ठहर जाएं और वे भी इस ट्रॉफी को छू सकें, चूम सकें।
इस अवसर पर राम सिंह यादव (भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव के पिता), सुनील गुप्ता (डायरेक्टर, मयूर ग्रुप), कमरान रहमान (डायरेक्टर, रहमान इंडस्ट्रीज), आनंद गुप्ता, संजय सिंह, अतुल अग्रवाल, कपिल पांडेय, मनीष मेहरोत्रा, गणेश तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्रिकेट अकादमियों के खिलाड़ियों एवं अतिथियों ने ऑटोग्राफ कैंपेन के माध्यम से भारतीय क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बच्चों के लिए विश्व कप से संबंधित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले छात्रों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।
ट्रॉफी के साथ सेल्फी लेने को लेकर बच्चों एवं खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, कुलदीप यादव के स्कूली कोच मनीष महरोत्रा, केडीएमए ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सभी छात्र, केसीए से संबद्ध अकादमियों के खिलाड़ी व प्रशिक्षक, केसीए पदाधिकारी, आजीवन सदस्य, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।










