कानपुर। आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी 31 जनवरी को टीम इंडिया के चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव के स्कूल केडीएमए इंटरनेशनल में आएगी। यह ट्रॉफी टीम इंडिया के उन खिलाड़ियों के स्कूलों में जा रही है, जहां से उन्होंने शिक्षा ग्रहण की थी। यह आधिकारिक आईसीसी टूर का हिस्सा है, जो खिलाड़ियों के शुरुआती शिक्षा संस्थानों को प्रेरित करने के लिए शुरू किया गया है। यह जानकारी केडीएमए स्कूल बर्रा-8 में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केडीएमए ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने दी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 ट्रॉफी ‘क्लास ऑफ 26’ टूर में अब तक चार भारतीय खिलाड़ियों के स्कूलों में पहुंच चुकी है। इससे पहले यह ट्रॉफी टूर 21 जनवरी को वडोदरा में हार्दिक पांड्या के एमके हाई स्कूल, पटना में ईशान किशन के कॉमर्स कॉलेज, केरल में संजू सैमसन के मार इवानियोज कॉलेज और 26-27 जनवरी को हर्षित राणा के दिल्ली के गंगा इंटरनेशनल स्कूल, हिरन कुडना का टूर करने के बाद अब ट्रॉफी टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के स्कूल आ रही है।
बताते चलें कि भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में अगले महीने 7 फरवरी से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत हो रही है। इससे पहले ‘क्लास ऑफ 26’ टूर के तहत यह ट्रॉफी केडीएमए आएगी। टीम इंडिया के स्टार कुलदीप यादव इसी स्कूल में पढ़कर क्रिकेट सीखे थे। ट्रॉफी का स्वागत स्कूल के बच्चे करेंगे। इस दौरान कानपुर क्रिकेट की सभी अकादमियों के युवा क्रिकेटरों को करीब से इस ट्रॉफी के दीदार का मौका मिलेगा। इस मौके पर कुलदीप यादव के परिवार के सदस्यों भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि केडीएमए स्कूल से कुलदीप यादव, उपेन्द्र यादव, आदर्श सिंह, फैज अहमद, रिषभ मिश्रा, अम्बिकेश्वर मिश्रा, अंकुर पंवर, सत्यम दीक्षित, अमन यादव, शिवम दीक्षित, माधव गुप्ता, ईशु सचान, रजत निर्वल, सतनाम सिंह, सुमित सिंह राठौर, सुधांशु चौरसिया, शिवम कुमार, एवं अभिषेक तोमर भारतीय टीम और रेलवे, सर्विसेज और आईपीएल में खेलकर देश, राज्य और केडीएमए अकादमी का नाम रोशन कर रहे हैं।










