-रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी का अधिष्ठापन समारोह
-रो.पीयूष अग्रवाल की वार्षिक लेखा जोखा रिपोर्ट सर्वसम्मति से पारित
कानपुर। रोटरी क्लब ऑफ कानपुर गैलेक्सी का द्वितीय इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को टीएसएच द स्पोर्ट्स हब में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 के लिए नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन प्रदीप अग्रवाल को औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा गया।
समारोह की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन राघवेंद्र चंद सेठ के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बीते वर्ष की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इसके बाद तत्कालीन सचिव रोटेरियन धीरज भाटिया ने भी क्लब की प्रमुख पहल और सामाजिक योगदान को साझा किया। समारोह के दौरान रोटेरियन पीयूष अग्रवाल द्वारा पेश किया गया वार्षिक लेखा जोखा सर्वसम्मति से पारित हो गया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया। पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र चंद सेठ ने उन्हें रोटरी पिन पहनाकर सम्मानित किया। इसके पश्चात श्री अग्रवाल ने अपनी कार्यकारिणी का परिचय कराया और सभी सदस्यों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल की वर्ष 2025-26 की थीम ‘टू गैदर वी राइस’ को अपनाने की बात कही और इसे ‘सबका साथ, सबका विकास’ के रूप में आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस मौके पर क्लब में चार नए सदस्यों को भी शामिल किया गया।
समारोह का सफल संचालन संजीव बंसल ने किया। कार्यक्रम की व्यवस्था में धीरज भाटिया और अमित अग्रवाल का योगदान उल्लेखनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त सचिव रोटेरियन विकास झाझड़िया ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार जताया।










