कटक के बाराबती स्टेडियम में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत ने पहले टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से हराते हुए 5 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त ले ली। पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम ने हार्दिक पांड्या के तूफानी अर्द्धशतक की मदद से मेहमान टीम के सामने 176 रन का लक्ष्य रखा। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी टीम 12.3 ओवर में सिर्फ 74 रनों पर ढेर हो गई। यह दक्षिण अफ्रीका का उनके टी-20 इतिहास का न्यूनतम स्कोर भी है। इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम का न्यूनतम स्कोर 87 रन था।
दक्षिण अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा रन डेविड ब्रेविस (22) ने बनाए। डेविड मिलर (1) समेत टीम के 6 खिलाड़ी तो दो अंकों तक भी नहीं पहुंच सके। क्विंटन डिकॉक और केशव महाराज खाता भी न खोल सके, जबकि कप्तान एडेन मार्करम और ट्रिस्टन स्टब्स के बल्ले से 14 रन निकले। मार्को जानसेन ने 12 रनों का योगदान किया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षरे पटेल ने दो-दो विकेट चटकाए। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने एक-एक शिकार किया।
इससे पहले, भारत ने 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 175 रन जुटाए। टीम इंडिया में वापसी करने वाले हार्दिक पांड्या ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 59 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल हैं। हालांकि भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। इनफॉर्म ओपनर अभिषेक शर्मा (17), कप्तान सूर्यकुमार यादव (12) और उपकप्तान शुभमन गिल (4) जल्दी लौट गए थे।
एक समय ऐसा भी था जब भारत ने चार विकेट सिर्फ 78 रनों पर गंवा दिए थे। ऐसे में तिलक वर्मा (26) और अक्षर पटेल (23) ने चौथे विकेट के लिए 30 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। लेकिन इसके बाद हार्दिक पांड्या ने वापसी का जश्न मनाते हुए मेहमान गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। अक्षर ने हार्दिक के संग 26 रन जोड़े।
हार्दिक ने छठे विकेट के लिए शिवम दुबे (11) के साथ 33 और जितेश शर्मा (नाबाद 10) के साथ सातवें विकेट के लिए 38 रनों की अटूट साझेदारी कर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीन, लुथो सिपामला ने दो जबकि डोनोवन फरेरा ने एक विकेट हासिल किया।










