दिल्ली टेस्ट : कुलदीप यादव के पंजे में फंसे मेहमान, फॉलोऑन के बाद वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में दिखाया दम

0
40

चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पंजा खोलकर दूसरे व अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन भारत को जीत के दरवाजे पर दस्तक देने का मौका दे दिया। भारत के 518 रनों के जवाब में कुलदीप यादव की घातक गेंदबाजी ( 82/5) और रवीन्द्र जडेजा (46/3) की बदौलत 248 रनों पर सिमटने वाली वेस्टइंडीज की टीम को फॉलोऑन का सामना करना पड़ा। पहली पारी में वेस्टइंडीज के लिए ऐलेक ऐथनाज ने 41 जबकि शाई होप ने 36 रन का योगदान दिया। कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा के अलावा बुमराह-सिराज को 1-1 विकेट मिला।

हालांकि मेहमान टीम ने दूसरी पारी में दमदार बल्लेबाजी दिखाते हुए स्टम्प के समय तक 2 विकेट पर 173 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल 87 और शाई होप 66 रन बनाकर डटे हुए थे। दोनों नाबाद बल्लेबाज तीसरे विकेट के लिए अब तक 138 रन जोड़ चुके हैं। मेहमान टीम भारत के स्कोर से फिलहाल अब भी 97 रन पीछे है। भारत को पहली पारी के आधार पर 270 रनों की बढ़त मिली थी, इसी के चलते कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज को फॉलोऑन करवाकर दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाया था। टेस्ट क्रिकेट में वेस्टइंडीज की टीम ने पिछली 16 पारियों में एक बार भी 80 ओवर से ज्यादा बल्लेबाजी नहीं की। दिल्ली टेस्ट मैच में उन्होंने 2023 के बाद पहली बार एक पारी में 80 ओवर से ज्यादा बैटिंग की है।

दूसरी पारी में एक समय वेस्टइंडीज ने चाय के समय तक 2 विकेट खो दिए थे। दोनों विकेट 35 रनों पर ही गिर चुके थे। लेकिन इसके बाद वेस्टइंडीज ने तीसरे सेशन में दम दिखाया। जॉन कैम्पबेल ने अर्धशतक जड़ा। यह इस सीरीज में किसी भी कैरेबियाई बल्लेबाज की ओर से पहला अर्धशतक था। भारत ने पहली पारी में यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल के शतक के दम पर 518 रन बनाए थे। अब इस मैच में चौथे दिन का खेल दोनों टीमों के के लिए काफी अहम होने वाला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here