ऋषभ पंत की जुझारू पारी के बावजूद इंग्लैंड का पलड़ा भारी, दूसरे दिन दबाव में टीम इंडिया

0
41

मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत पर दबाव बना दिया। भारत की पहली पारी 358 रनों पर सिमटी, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने स्टंप्स तक सिर्फ दो विकेट गंवाकर 225 रन बना लिए हैं। भारत को पहली पारी के आधार पर अब सिर्फ 133 रनों की बढ़त हासिल है।

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्राउली (84) और बेन डकेट (94) ने भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 32 ओवर में 166 रनों की अहम साझेदारी की।

क्राउली को रवींद्र जडेजा ने आउट किया जबकि डकेट, अंशुल कंबोज के टेस्ट करियर का पहला शिकार बने। स्टंप्स तक ओली पोप (20*) और जो रूट (11*) क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड का रन रेट 4.89 बना हुआ है, जिससे भारत की बढ़त तेजी से सिमट रही है।

भारतीय तेज गेंदबाज मैच के दूसरे दिन बेहद साधारण दिखे। शुरुआती स्पेल में उन्हें न लाइन मिली न लेंथ। नतीजतन इंग्लैंड के ओपनरों को शुरुआत में खुलकर खेलने का मौका मिला। रवींद्र जडेजा और अंशुल कंबोज ही कुछ हद तक प्रभावी दिखे।

भारतीय पारी की सबसे बड़ी कहानी ऋषभ पंत की रही, जिन्होंने पैर में फ्रैक्चर के बावजूद मैदान पर उतरने का फैसला लिया और 75 गेंदों में 54 रनों की साहसी पारी खेली।

उन्होंने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर मिडविकेट और स्क्वायर लेग के बीच छक्का लगाया और स्टोक्स को कवर के ऊपर से चौका मारकर अर्धशतक पूरा किया। पंत जब आउट हुए, तो न सिर्फ भारतीय दर्शक बल्कि इंग्लिश खिलाड़ी भी उनके जज़्बे को सलाम करते नज़र आए।

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 5 विकेट चटकाकर भारत की कमर तोड़ी, जबकि जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट झटके। भारत ने दिन की शुरुआत 264/4 से की थी लेकिन मिडल ऑर्डर लड़खड़ा गया। रविंद्र जडेजा (20), शार्दुल ठाकुर (41) और वॉशिंगटन सुंदर (27) ने थोड़ी कोशिश जरूर की, लेकिन लंबी पारी नहीं खेल पाए।

अब जब इंग्लैंड की पारी अच्छी गति से आगे बढ़ रही है और पिच से गेंदबाजों को मदद भी नहीं मिल रही, टीम इंडिया के सामने तीसरे दिन इंग्लैंड को जल्दी रोकना सबसे बड़ी चुनौती होगी। मैच का रुख तेजी से इंग्लैंड की तरफ झुक रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here