– भारत ने 4.1 ओवर का खेल शेष रहते मुकाबला 7 विकेट से जीत सीरीज में 2-1 की बढ़त ली
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच धर्मशाला में खेले गए 5 मैचों की टी-20 सीरीज के तीसरे मैच में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह लो स्कोरिंग मुकाबला था और इसे टीम इंडिया ने 4.1 ओवर का खेल शेष रहते ही जीत लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने इस सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। टीम इंडिया की इस जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने एकजुट प्रदर्शन किया। खास बात यह रही उप कप्तान शुभमन गिल फॉर्म में लौटते नजर आए। लेकिन कप्तान सूर्यकुमार के बल्ले से एक बार फिर पर्याप्त रन नहीं निकले। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 118 रन का टारगेट रखा था। टीम इंडिया ने इस टारगेट को 15.5 ओवर में 7 विकेट रहते हासिल कर लिया।
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एडन मार्करम ने लगाया अर्धशतक
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत इस मैच में काफी खराब रही थी। दक्षिण अफ्रीका के शुरुआती तीन विकेट महज सात रन पर गिर गए थे। टीम के सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स का इस मैच में खाता तक नहीं खुला। क्विंटन डी कॉक (1) और डेवाल्ड ब्रेविस (2) सहित आठ प्लेयर दहाई के अंक तक नहीं पहुंचे। टीम के लिए कप्तान एडन मार्करम ने जरूर फिफ्टी जड़ी। उन्होंने 46 गेंदों में छह चौके और दो छक्के की मदद से 61 रन बनाए। डोनोवन फरेरा ने 20 और एनरिख नॉर्खिया ने 12 रनों का योगदान दिया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने एक-एक शिकार किया।
अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए खेली तेज पारी
118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 60 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक शर्मा इस मैच में तूफानी पारी खेली। वह 18 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट गिरने के बाद नंबर 3 पर तिलक वर्मा बल्लेबाजी के लिए आए। शुभमन गिल ने इस मैच में 100 की स्ट्राइक रेट से 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं सूर्यकुमार यादव ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए। तिलक वर्मा 25 रन और शिवम दुबे 10 रन बनाकर रन नाबाद लौटे। साउथ अफ्रीका की तरफ से लुंगी एनगिडी, मार्को जेनसेन और कॉर्बिन बॉश ने 1-1 विकेट लिया।










