डीपीएस कल्याणपुर ने इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता

0
155

-स्वर्गीय आत्माराम अग्रवाल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला
-सेठआनंद राम जयपुरिया और डीपीएस कल्याणपुर के बीच खेला गया फाइनल
-टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव रहे कार्यक्रम के मुख्यअतिथि

कानपुर। स्व. आत्माराम अग्रवाल मेमोरियल इंटर स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 का फाइनल मुकाबला डीपीएस कल्याणपुर ने जीत लिया। मुख्यअतिथि रहे टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने विजेता टीम को ट्राफी प्रदान की। शुक्रवार को टूर्नामेंट का फाइनल सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल और डीपीएस कल्यानपुर के बीच द स्पोर्ट्स हब, आर्यनगर के मैदान पर खेला गया। शाम पांच बजे फ्लड लाइट की रोशनी में शुरू हुए मैच में टॉस जीतकर जयपुरिया स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

एसएआर जयपुरिया स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 127 रन बनाए। टीम के लिए नैतिक कांडपाल ने शानदार 70 रन बनाए। जवाब में डीपीएस कल्याणपुर ने मात्र 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से जीत दर्ज की। डीपीएस की ओर से अस्मित दुबे ने 62 रन की नाबाद पारी खेली जबकि डेस्ट्रॉयर प्रिंस ने 38 रन बनाए। गेंदबाजी में अर्णव कुलकर्णी और अमन चौधरी ने 2-2 विकेट झटके। इस जीत के साथ डीपीएस कल्याणपुर ने टूर्नामेंट का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

वहीं गुरुवार को बारिश की वजह से प्रभावित हुए सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार सुबह खेले गये। पहला सेमीफाइनल मुकाबला मेथाडिस्ट हाइस्कूल और सेठआनंदराम जयपुरिया स्कूल के बीच खेला गया जिसे जयपुरिया स्कूल ने 6 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला डीपीएस आजाद नगर और डीपीएस कल्याणपुर के बीच में खेला गया जिसे डीपीएस कल्याणपुर ने आठ विकेट से जीतकर फाइनल में एंट्री मारी।

यह टूर्नामेंट 12 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित किया गया, जिसमें कुल 16 स्कूल टीमों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता का आयोजन ‘द स्पोर्ट्स हब’ द्वारा किया गया, जिसे कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) की मान्यता प्राप्त है। विजेता टीम डीपीएस कल्याणपुर को 1,11,000 रुपये, उपविजेता सेठ आनंद राम जयपुरिया को 51,000 रुपये और पूरे टूर्नामेंट में रन रेट के आधार पर डीपीएस आजाद नगर की टीम को द्वितीय उपविजेता घोषित करके 11,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। साथ ही शीर्ष तीन टीमों को ट्रॉफी व मेडल और सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दिये गये। फाइनल मुकाबले के समापन अवसर पर आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई, कैंट विधायक मो.हसन रूमी, शशिकांत खांडेकर, संजीव पाठक, टीएसएच के निदेशक प्रनीत अग्रवाल और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here