-क्वार्टर फाइनल मुकाबले पूरे- मथुरा, बरेली और प्रयागराज की टीमों ने अंतिम चार में प्रवेश किया
डॉ. गौरहरि सिंघानिया टी-20 यूपी इंटर डिस्ट्रिक्ट वेटरन क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए सेमीफाइनल खेलने वाली टीमें तय हो गई हैं। यह टीमें हैं कानपुर, मथुरा, बरेली और प्रयागराज। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में मथुरा ने आगरा को 9 विकेट से, बरेली ने रामपुर को 37 रनों से और प्रयागराज ने सोनभद्र को 4 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। कानपुर की टीम पह कानपुर देहात को 17 रनों से हराकर अंतिम चार टीमों में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी थी।
विजय चौहान के विस्फोटक शतक से मथुरा जीता
पहले क्वार्टर फाइनल में मथुरा और आगरा की टीमें आमने-सामने थीं लेकिन मुकाबला विजय चौहान बनाम आगरा बनकर रह गया। मेजबान आगरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कौशल शर्मा के 47, जुगल शर्मा के 30 और विनोद के 40 रनों की मदद से 20 ओवर में 177 रन बनाए। मथुरा की ओर से विजय चौहान और युवराज सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लेकर आगरा को और बड़ा स्कोर टांगने से रोक दिया।
प्लेयर ऑफ द मैच विजय चौहान ने 15 छक्के लगाए
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए मथुरा की टीम ने विजय चौहान की तूफानी पारी के दम पर एक विकेट खोकर सिर्फ 13.4 ओवर में 9 विकेट से जीत हासिल कर ताबड़तोड़ अंदाज में मैच खत्म कर दिया। इस बल्लेबाज ने 126 रन तो सिर्फ 24 स्ट्रोक्स में ही ठोंक दिए। विजय चौहान ने 54 गेंद में 15 छक्के और 9 चौकों की सहायता से शानदार 140 रन बनाए। उनके साथ गुल हसन (45 रन) उपयोगी योगदान दिया। मथुरा के विजय चौहान को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बरेली ने रामपुर को 37 रनों से हराया
दूसरे क्वार्टर फाइनल में बरेली ने रामपुर को 37 रनों से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। बरेली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168 रन बनाए। आकाश कुमार ने 48 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राहुल कादियान (31 रन) और गौरव यादव (34 रन) ने पारी को संभाला। रामपुर की ओर से गेंदबाजी में विजय पांडे ने 2 विकेट लिए।
आकाश कुमार बने प्लेयर ऑफ द मैच
इसके जवाब में रामपुर की टीम 19.4 ओवर में सिर्फ 131 रन बनाकर सिमट गई। इस टीम की ओर से दीपक शर्मा ने 15 रन और रवि चौहान ने 25 रन बनाए। रामपुर की टीम आकाश कुमार और अभिषेक द्विवेदी की गेंदबाजी के सामने कहीं नहीं टिक सकी। बरेली के इन दोनों गेंदबाजों ने 4-4 विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। आकाश कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
प्रयागराज ने सोनभद्र को 4 विकेट से हराया
प्रयागराज में तीसरा क्वार्टर फाइनल प्रयागराज (इलाहाबाद) बनाम सोनभद्र का खेला गया जिसमें सोनभद्र की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 147 रन बनाए। प्रभात उपाध्याय (30 रन) और विपुल सैनी (21 रन) ने अच्छी शुरुआत दी, जबकि शक्ति (20 रन) ने उपयोगी योगदान दिया। मेजबान टीम की ओर से गेंदबाजी में राकेश मिश्रा और उदय प्रताप सिंह ने 2-2 विकेट लिए। प्रयागराज की टीम ने 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर मुकाबले को 4 विकेट से जीत लिया।
राकेश मिश्रा प्लेयर ऑफ द मैच
मेजबान टीम की ओर से बल्लेबाजी में रितेश जायसवाल (30 रन), सुनील सिंह (28 रन) और बलराम यादव (23 रन) ने टीम को जीत की दिलाई। राकेश मिश्रा को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। बता दें कि प्रयागराज का मुकाबला अब कानपुर की टीम से होगा, जो पहले ही कानपुर देहात को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है। एक अन्य सेमीफाइनल में बरेली और मथुरा आमने-सामने होंगे।










