कानपुर। बरेली ने प्रयागराज को एकतरफा रहे फाइनल मुकाबले में 9 विकेट से हराकर डॉ. गौर हरि सिंहानिया यूपी डिस्ट्रिक्ट वेटरन्स टी20 लीग चैम्पियनशिप जीत ली। पिछले दिनों हुई बारिश से टीएसएच ग्राउंड का विकेट गीला हो जाने से यह मुकाबला 10-10 ओवर कर दिया गया था। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन यूपी रणजी टीम के पूर्व कप्तान राहुल सप्रू और पीयूष अग्रवाल नेच किया।
यूपी वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी प्रयागराज की टीम ने 7 विकेट पर 56 रन बनाए। इसमें अभिषेक और मोहम्मद खालिद ने क्रमशः 18 व 13 रन बनाए। बरेली के गेंदबाज अनुज शर्मा ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरेली की टीम ने जीत के लिए जरूरी रन 7.1 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर बना डाले। मोहम्मद शादाब और यूसुफ क्रमशः 20 और 17 रन बनाकर नाबाद लौटे। अनुज शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि और पूर्व टेस्ट ऑफ स्पिनर गोपाल शर्मा ने ट्रॉफी प्रदान की।
इस मौके पर डॉ आईएम रोहतगी, पीके श्रीवास्तव, गिरीश कपूर, एस एन सिंह, आशू महरोत्रा, जय बजाज, राजेश जयसवाल, विवेक जॉन, राजेश शर्मा, विजय दीक्षित, जितेन्द्र अवस्थी, परितोष, विकास टंडन, अजय गुप्ता, प्रदीप सालवान, प्रशांत चतुर्वेदी, मनीष मालवीय और तरुन कपूर आदि मौजूद रहे।










