कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती क्रीड़ांगन) में फीफा वर्ल्ड कप विजेता लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर के पहले चरण के दौरान मची भगदड़ और अव्यवस्था ने पूरे शहर को हिला दिया। मेसी के ग्राउंड से सिर्फ 22 मिनट में जाने से भीड़ उग्र हो गई, जिसके बाद कुर्सियां और बोतलें फेंकी गईं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए X पर पोस्ट किया कि वे स्टेडियम की ओर जा रही थीं, लेकिन कुप्रबंधन से बेहद व्यथित और स्तब्ध हैं। उन्होंने मेस्सी, खेलप्रेमियों और प्रशंसकों से दिल से माफी मांगी। ममता ने घटना की विस्तृत जांच के लिए उच्च स्तरीय प्रॉब कमिटी गठित करने का ऐलान किया। इवेंट के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को कोलकाता पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। RAF तैनात कर स्टेडियम को नियंत्रित किया गया।
कुप्रबंधन के आरोप में सताद्रु दत्ता एयरपोर्ट से गिरफ्तार
मेसी का स्टेडियम में संक्षिप्त प्रवेश VIPs और सिक्योरिटी के बीच हुआ, जिससे प्रशंसक नाराज हो गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। इससे पहले वे श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब में 70 फुट ऊंची प्रतिमा का वर्चुअल उद्घाटन करने पहुंचे थे। कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर का आयोजन सताद्रु दत्ता (Satadru Dutta) ने किया, जो एक प्रमुख स्पोर्ट्स प्रमोटर हैं और इस इवेंट को ‘A Satadru Dutta Initiative’ के तहत प्रचारित किया गया। वे पहले पेले और मराडोना जैसे दिग्गजों को भारत लाने में भी शामिल रहे। घटना के बाद कुप्रबंधन के आरोप में सताद्रु दत्ता को कोलकाता पुलिस ने एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया, जहां वे मेस्सी को विदा करने पहुंचे थे। उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई और पूछताछ शुरू हुई। पुलिस ने आयोजकों को टिकट धारकों को पैसे रिफंड करने का आदेश दिया, जिसका वादा किया गया। DGP राजीव कुमार ने कुप्रबंधन पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मेसी के आगमन को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह था
मेसी के आगमन को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह था। शनिवार तड़के ही बड़ी संख्या में फैंस उन्हें देखने के लिए स्टेडियम पहुंच गए। कुछ ही मिनटों में मेस्सी खुद को राजनेताओं, पुलिस अधिकारियों, वीआईपी और उनके काफिलों से घिरा हुआ पाया, जिससे एक मानवीय घेरा बन गया। दर्शकों को उस खिलाड़ी की झलक तक नहीं मिल पा रही थी, जिसे देखने वे आए थे। हैरान और हल्की मुस्कान के साथ मेसी ने मैदान का एक धीमा चक्कर लगाने की कोशिश की और कुछ पूर्व खिलाड़ियों को ऑटोग्राफ भी दिए। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने बार-बार भीड़ से पीछे हटने की अपील की। तनाव भरी आवाज़ में उन्होंने कहा, “कृपया उन्हें अकेला छोड़ दें, कृपया मैदान खाली करें।”
सौरव गांगुली ने मेसी को ज्यादा देर रुकने के लिए मनाने की कोशिश की
हालांकि, उनकी अपीलों को काफी हद तक नजरअंदाज कर दिया गया। आखिरकार उनके एक घंटे के तय कार्यक्रम से काफी पहले ही सुरक्षा कारणों से उन्हें स्टेडियम से बाहर ले जाया गया और आयोजन रद्द करने का फैसला लिया गया। इसके बाद हालात और बिगड़ गए। स्टेडियम में तोड़फोड़ हुई, सजावट और संपत्ति को नुकसान पहुंचा और पूरा परिसर अस्त-व्यस्त हो गया। एक रिपोर्ट के अनुसार, इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में शामिल सौरव गांगुली ने मेसी को ज्यादा देर रुकने के लिए मनाने की कोशिश की। आयोजन रद्द होने के बाद आयोजक, पश्चिम बंगाल के खेल मंत्री अरूप बिस्वास और राज्य पुलिस के डीजीपी राजीव कुमार को मेसी की टीम से बातचीत करते और उन्हें कार्यक्रम जारी रखने के लिए मनाने की कोशिश करते देखा गया। इसी दौरान गांगुली को यह कहते हुए सुना गया, “अगर आप थोड़ी देर और रुकें तो अच्छा होगा।”
तीन दिनों के GOAT India Tour के लिए भारत आए हैं लियोनल मेसी
लियोनल मेसी अपने तीन दिनों के GOAT India Tour के लिए भारत आए हुए हैं। उनका पहला पड़ाव कोलकाता था, जहां वह 13 दिसंबर सुबह करीब 3:00 बजे नेताजी सुभाषचंद्र बोस एयरपोर्ट पर उतरे। फैंस उनकी एक झलक देखने के लिए पलकें बिछाए खड़े हुए थे, जैसे ही मेसी एयरपोर्ट पर दिखाई दिए। फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने मेसी-मेसी के नारे लगाए। उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। इसके बाद मेसी होटल चले गए। वहां से उन्हें सॉल्ट लेक स्टेडियम जाना था, जहां उन्हें कई बड़ी हस्तियों से मिलना था। मेसी के साथ भारत दौरे पर लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी भारत आए हैं।
ग्राउंड से जल्दी निकल गए थे लियोनल मेसी
लियोनल मेसी ने कोलकाता के लेक सिटी में अपनी 70 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। बाद में बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान और RPGS ग्रुप के मालिक संजीव गोयनका से मिले। फिर वह कोलकाता के ही सॉल्ट लेक स्टेडियम में गए। जहां पहले से ही फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब थे। वहां भारी भीड़ थी और फिर मेसी ने ग्राउंड में हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। बाद में कई लोग उनके पास जाने लगे। इसके बाद वह जल्दी ही ग्राउंड से निकल गए।
बुरी तरह से गुस्सा हुए फैंस
बस इतना होते ही स्टेडियम में मौजूद सभी फैंस बुरी तरह से गुस्सा हो गए। कई फैंस ग्राउंड के बीच में पहुंच गए और अजीब तरह की अफरा-तफरी ग्राउंड में मच गई। बाद में फैंस ने स्टेडियम की कुर्सियों को उखाड़-उखाड़कर फेंका और पानी की बोतलें को ग्राउंड में फेंका। इसके कई वीडियो भी सामने भी आए हैं। फैंस बुरी तरह से गुस्से में नजर आ रहे थे कि मेसी ग्राउंड से जल्दी क्यों चले गए?
10 मिनट के अंदर ही चले गए: लियोनल मेसी फैन
लियोनल मेसी के एक फैन ने कहा कि बिल्कुल निराशाजनक घटना। वे सिर्फ 10 मिनट के लिए आए। सभी नेता और मंत्री उन्हें घेरे हुए थे। हम कुछ भी नहीं देख पाए। उन्होंने एक भी किक या पेनल्टी नहीं ली। उन्होंने कहा था कि वे शाहरुख खान को भी लाएंगे। लेकिन वे किसी को नहीं लाए। वे 10 मिनट के लिए आए और चले गए। इतना पैसा, भावनाएं और समय बर्बाद हो गया। हम कुछ भी नहीं देख पाए।
12 हजार का टिकट लेकर भी मेसी को नहीं देख पाए: फैन
लियोनल मेसी के एक फैन ने कहा कि स्टार फुटबॉलर के आसपास नेता और अभिनेता ही थे। हम कुछ नहीं देख पाए। फिर हमें क्यों बुलाया गया। हमने उन्हें देखने के लिए 12 हजार रुपए का टिकट लिया था। लेकिन हम उनका चेहरा तक नहीं देख पाए। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता दौरे से हुई। कोलकाता में सॉल्ट लेक स्टेडियम में मेसी के कार्यक्रम के दौरान हंगामा हुआ। लेकिन देर शाम वह हैदराबाद पहुंचे। वहां राजीव गांधी स्टेडियम में मेसी ने एक एग्जीबिशन मैच में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलांगना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। पहले दिन उन्होंने कोलकाता और हैदराबाद के कार्यक्रम में शिरकत की और अब 14 दिसंबर को वह मुंबई पहुंचेंगे।
मेसी इससे पहले साल 2011 में भारत दौरे पर आए थे
लियोनल मेसी की गिनती दुनिया के महान प्लेयर्स में होती है और उनकी कप्तानी में ही अर्जेंटीना की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप 2022 का खिताब फ्रांस को हराकर जीता था। उन्होंने फुटबॉल के मैदान पर ऐसी शोहरत हासिल की है, जो बहुत ही कम प्लेयर्स को नसीब होती है। मेसी इससे पहले साल 2011 में भारत दौरे पर आए थे। अब 14 साल बाद उन्होंने दोबारा भारतीय धरती कदम रखा है। मेसी जैसे ही कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंचे। फैंस खुशी से झूम उठे और नाच-गाकर जश्न मनाया। उनका फैंस में जबरदस्त क्रेज देखने को मिला है।
लियोनल मेसी को देखने के लिए नवविवाहित जोड़े ने कैंसिल किया हनीमून
लियोनल मेसी का एक फैन बताता है कि सर हम लोगों की 5 दिसंबर को लव मैरिज हुई थी। उसके बाद हम लोगों का हनीमून का प्लान था। मेसी आने वाला था, तो हम लोगों ने उसे कैंसिल कर दिया। हम पहले मेसी को देखेंगे और उसके बाद हनीमून पर जाएंगे। मेसी को 10 से 12 सालों से फॉलो कर रहे हैं। वह जिस भी क्लब से खेलते हैं, उसे फॉलो करते हैं। महिला फैन ने बताया है कि पिछले फ्राइडे को हमारी शादी हुई थी और हमने सोचा कि लियोनल मेसी आ रहे हैं, तो हम हनीमून को छोड़ देते हैं। अभी यह जरूरी है। हम लोग साल 2010 से मेसी को फॉलो कर रहे हैं। पिछली बार जब मेसी 2011 में भारत आए थे, तो हम बहुत ही छोटे थे। हमें उन्हें देखने के लिए बहुत ही ज्यादा उत्साहित हैं।
मेसी ने राहुल गांधी को गिफ्ट की जर्सी
लियोनल मेसी ने राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में फुटबॉल मैच के दौरान लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात में मेसी ने राहुल गांधी को अर्जेंटीना फुटबॉल टीम की जर्सी गिफ्ट की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने इस दौरान रेवंत रेड्डी को भी जर्सी गिफ्ट की। एग्जीबिशन मैच के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मेसी को सम्मानित किया।
मेसी ने फैंस को कहा धन्यवाद
मेसी ने एग्जीबिशन मैच के बाद स्टेडियम में मौजूद फैंस को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को हेलो। मैं इस प्यार के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। सच कहूं तो, यहां आने से पहले, इस पूरे समय के दौरान, पिछले वर्ल्ड कप के दौरान मैंने बहुत कुछ देखा। हां, आपके स्नेह के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत में आपके साथ ये दिन बिताना हमारे लिए सम्मान की बात है। इसलिए मैं बहुत आभारी हूं। बहुत-बहुत धन्यवाद।
मेसी के साथ दो और फुटबॉलर भी हैं मौजूद
मेसी के साथ इस दौरे पर उनके खास दोस्त लुइस सुआरेज और रॉड्रिगो डि पॉल भी आए हैं। सुआरेज उरुग्वे के खिलाड़ी हैं और डि पॉल अर्जेंटीना के ही हैं। करीब सवा घंटे तक चला ये कार्यक्रम बिना किसी परेशानी के पूरा हुआ, जहां फैंस ने महान फुटबॉल स्टार की एक झलक देखी और मेसी को भी हैदराबाद के फैंस का प्यार महसूस करने का मौका मिला।
मुंबई में होगा मेसी का कार्यक्रम
हैदराबाद दौरा खत्म होने के बाद अब लियोनल मेसी गोट इंडिया टूर के दूसरे दिन मुंबई में नजर आएंगे। मुंबई में वह एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच भी खेलेंगे, जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ स्टार प्लेयर्स के अलावा बॉलीवुड जगत के कुछ दिग्गज भी मौजूद रह सकते हैं। इसके बाद वह 15 दिसंबर को दिल्ली पहुंचेंगे।










