जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल के एबल 2025 में साझा किया अपने जीवन का प्रेरणादायक सफर
कानपुर। जेसीआई इंडिया के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम एबल 2025– अकादमी फॉर बिज़नेस लीडरशिप एंड एक्सीलेंस के दूसरे दिन बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने विशेष सत्र “पावर टाक” में प्रतिभागियों को जीवन, संघर्ष और सफलता से जुड़े प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का आयोजन जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल द्वारा श्री गंगा वैली, बिठूर में किया जा रहा है।
“डर इंसान को रोकता नहीं, तराशता है। जब हम उसका सामना करते हैं, तभी हम असली रूप से मजबूत बनते हैं,” बोमन ईरानी ने कहा। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपनी झिझक, बोलने का डर और मंच पर आने की घबराहट को अपनी ताकत में बदला।
उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रसिद्धि किसी को बदलती नहीं, बल्कि उसके भीतर की असलियत को उजागर करती है— “यदि आप विनम्र हैं, तो प्रसिद्धि आपको और विनम्र बनाएगी, लेकिन यदि आप अभिमानी हैं, तो वही और अधिक स्पष्ट हो जाएगा।”
असफलता को उन्होंने ‘फीडबैक’ बताया, न कि अंत, और कहा कि व्यक्ति को उससे सीखकर आगे बढ़ना चाहिए। बोमन ईरानी ने बैटमैन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम अपने डर का सामना करते हैं, तो वह डर हम पर हावी नहीं रह जाता।
कार्यक्रम की थीम “गियर अप टू ग्रो” के अनुरूप यह संवाद सत्र प्रतिभागियों को आत्मविकास, नेतृत्व और मानसिक दृढ़ता की दिशा में प्रोत्साहित करने वाला रहा।
एबल 2025 का आयोजन 18 से 21 जुलाई 2025 तक किया जा रहा है। यह कार्यक्रम व्यक्तिगत विकास, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता, व्यापारिक समझ और मूल्य आधारित नेतृत्व जैसे विषयों पर गहन प्रशिक्षण का अवसर प्रदान कर रहा है। इस आयोजन में भारत के विभिन्न राज्यों तथा नेपाल से चयनित 100 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान जेसीआई की ऐश्वर्य गर्ग अल्प आय वर्ग के लोगों के घरों में होने वाले मांगलिक कार्यक्रमों के लिये बनाए जा रहे मंगल भवन में अतुलनीय योगदान देने के लिये सर्वश्रेष्ठ सम्मान चीफ टार्च बेयरर का सम्मान बोमन ईरानी एवं जेसीआई अध्यक्ष प्रनीत अग्रवाल द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम की मेज़बानी कर रहा है जेसीआई कानपुर इंडस्ट्रियल, जो पिछले 46 वर्षों से नेतृत्व निर्माण, युवा विकास और सामाजिक सेवा में अग्रणी रहा है। संस्था के अध्यक्ष प्रनीत अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रुति जैन (अध्यक्ष सचिव) और नेहा गर्ग (परियोजना समन्वयक) सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण शर्मा विशेष रूप से उपस्थित हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर इस आयोजन की निगरानी कर रहे हैं। प्रशिक्षण टीम में जेएफएस दीपक नाहर, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, जेसीआई इंडिया (पायलट फैकल्टी), एचजीएफ श्रीनिवासन, जेएफएस विकास गुग्लिया, एचजीएफ डॉ. दीपक मकवाना (को-पायलट फैकल्टी), जेसी हरीश गोपालजी बस्तु मंत्री (सहायक फैकल्टी) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
एबल 2025 का हर दिन एक नई ऊर्जा और सीख लेकर आ रहा है। तीसरे दिन सुप्रसिद्ध सूफ़ी गायक वडाली ब्रदर्स का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन को एक नई भावनात्मक ऊँचाई देगा।
कार्यक्रम में सीएसजेएम विश्वविद्यालय के वीसी विनय कुमार पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, सीडीआे दीक्षा जैन उपस्थित रहे और उत्तर प्रदेश के कई प्रतिष्ठित उद्योगपति, व्यवसायिक एवं सामाजिक हस्तियाँ भी सहभागिता कर रही हैं, जो इस आयोजन को एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान कर रही हैं।










