अच्छी खबर : यूपीसीए लौटाएगा भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच रद्द हुए मैच के टिकट की पूरी राशि

0
69

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 17 दिसंबर को शैड्यूल 5 टी-20 मैचों की सीरीज का चौथा मैच घने कोहरे की वजह से रद्द हो गया था। मैच रद्द होने से निराश दर्शक का दर्द था कि वे मैच भी नहीं देख पाए और उनके हजारों रुपए भी टिकट में बर्बाद हो गए। लेकिन गुरुवार को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव के इस ऐलान ने क्रिकेट फैन्स के जख्मों में मरहम लगाने का काम किया कि ऑनलाइन और ऑफ लाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों के टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे।

यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने दर्शकों के धैर्य, सहयोग और समझदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए टिकट रिफंड को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी है। सचिव के मुताबिक जिन दर्शकों ने ऑनलाइन टिकट बुक किए हैं, उन्हें टिकट की रकम उनके ओरिजिनल पेमेंट मोड से वापस कर दी जाएगी। रिफंड से जुड़े नोटिफिकेशन रजिस्टर्ड ईमेल एड्रेस पर भेजे जाएंगे। टिकट धारकों को सलाह दी है कि वे आगे के अपडेट के लिए नियमित रूप से अपने ईमेल चेक करते रहें।

इसके अलावा जिन दर्शकों ने मैच के टिकट ऑफलाइन माध्यम से खरीदे थे, वे तय तारीखों में निर्धारित स्थान पर जाकर अपना रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। रिफंड 20, 21 और 22 दिसंबर 2025 को सुबह 11:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक इकाना स्टेडियम लखनऊ के गेट नंबर-2 बॉक्स ऑफिस पर लिया जा सकेगा। इसके लिए स्टेडियम में विशेष रिफंड काउंटर लगाए जाएंगे। ऑफलाइन टिकट धारकों को स्वयं उपस्थित अपने साथ मूल फिजिकल टिकट, बैंक डिटेल्स और सरकारी पहचान पत्र की एक प्रति लानी होगी।

इसके अलावा काउंटर पर उपलब्ध रिफंड फॉर्म को सही व पूर्ण जानकारी के साथ भरना होगा। साथ ही भरे हुए फॉर्म के साथ मूल टिकट जमा करना भी अनिवार्य होगा। सभी दस्तावेजों की जांच के बाद रिफंड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिफंड की राशि सीधे दर्शकों के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। सभी रिफंड दस्तावेजों की जांच के बाद ही जारी किए जाएंगे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here