चायनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने 3 विकेट लेकर गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में 2 मैचों की सीरीज के दूसरेटेस्ट में भी मजबूती से आगे बढ़ रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दिन भारत की शानदार वापसी करवा दी। पहले दिन स्टम्प तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट पर 247 रन बना लिए। सेनुरन मुथुसामी 25 और काइल वेरेने 1 रन पर क्रीज पर थे।
दूसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाजों एडेन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने मजबूत आधार रखा। इस साझेदारी को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने तोड़ा, जिन्होंने मार्करम (38 रन) को बोल्ड किया। फिर टी-ब्रेक के तुरंत बाद कुलदीप यादव ने रिकेल्टन (35 रन) को चलता किया। इसके बाद टेम्बा बावुमा और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी हुई।
बावुमा 41 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर चलते बने। टेम्बा बावुमा के बाद भारत को ट्रिस्टन स्टब्स (49 रन) का भी विकेट मिल गया, जो कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए। कुलदीप ने वियान मुल्डर को भी चलता कर दिया, जिससे साउथ अफ्रीका का स्कोर 201/5 हो गया। पहले दिन के खेल में साउथ अफ्रीका का छठा विकेट टोनी डी जोरीजी के रूप में गिरा, जो 28 रनों के निजी स्कोर पर मोहम्मद सिराज का शिकार बने।










