– गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार होने जा रहे टेस्ट मैच में विकेट के मिजाज को लेकर कयास जारी
– सीरीज बचाने के लिए रिषभ पंत की कप्तानी में टीम इंडिया को हर हाल में जीतना होगा दूसरा टेस्ट
गुवाहाटी। 0-1 से पिछड़ रही टीम की विषम परिस्थितियों में कप्तानी संभालने वाले रिषभ पंत के सामने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 नवंबर से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट में गुवाहाटी के अंजान विकेट पर भारत को जीत दिलाकर टेस्ट सीरीज बराबरी पर छुड़ाने की कठिन चुनौती है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार टेस्ट मैच खेला जाएगा, इसलिए विकेट कैसा व्यवहार करेगा, इसको लेकर दोनों टीमें आशंकित हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले गए इस टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें पिच से स्पिन गेंदबाजों को तीनों दिनों के खेल में काफी मदद मिलते हुए देखने को मिली थी।
गरदन के खिंचाव के चलते कप्तान शुभमन गिल के बारे में शुक्रवार को बीसीसीआई की ओर से बताया गया कि वे अभी पूरी तरह से तकलीफ से उबरे नहीं हैं, इसलिए वे इस टेस्ट से बाहर रहेंगे और उनकी जगह अब गिल रिषम पंत कप्तान की जिम्मेदारी को संभालेंगे। इस बीच चयनकर्ताओं की एक चिंता यह भी है कि टेस्ट के बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज भी खेली जानी है और गिल वन डे फॉर्मेट में भी टीम इंडिया की कप्तानी करते हैं। यदि गिल ठीक नहीं हुए तो फिर वन डे सीरीज के लिए भी बीसीसीआई को नए कप्तान का चुनाव करना होगा।
जहां सक गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की बात है तो बता दें कि यहां पहली बार टेस्ट मैच मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें इससे पहले यहां पर अब तक सिर्फ 6 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 2 वनडे और चार टी20 मैच शामिल हैं। ऐसे में पिच सभी के लिए एक अबूझ पहेली बनी हुई है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में तैयार की गई पिच लाल मिट्टी से बनी हुई है, जिसमें गति और उछाल दोनों ही देखने को मिल सकता है। ऐसे में इस पिच पर बल्लेबाजी करना थोड़ा आसान होगा, लेकिन खेल आगे बढ़ने के साथ स्पिनर्स की भूमिका काफी अहम हो सकती है।
माना जा रहा है कि इस विकेट का व्यवहार भी मुंबई की वानखेड़े स्टेडियम के विकेट की तरह रह सकता है, वहां की पिच भी लाल मिट्टी से बनी होती है, जिसमें शुरू के 2 दिन बल्लेबाजी के लिए बेहतर होते हैं तो वहीं उसके बाद स्पिनर्स हावी होते दिखाई दिए हैं, जहां चौथी पारी में टारगेट का पीछा करना मुश्किल होता है। इसका मतलब यह भी है कि टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले बल्लेबाजी करना ही पसंद कर सकती है।
खेल की शुरुआत सुबह 9 बजे से होगी। वहीं पांचों दिन के मौसम को लेकर बात की जाए तो उसमें एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार पहले 2 दिनों के खेल में बारिश होने की उम्मीद जताई गई है, जिसमें खेल अधिक प्रभावित नहीं होगा। वहीं इसके बाद के तीनों दिन का मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। ऐसे में इस मैच को लेकर परिणाम की उम्मीद की जा सकती है। टीम इंडिया के लिए गुवाहाटी टेस्ट मैच में कप्तानी की जिम्मेदारी पहली बार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत संभालेंगे।










