– 25 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2-0 से क्लीन स्वीप किया
– साइमन हार्मर ने 8 विकेट लेकर भारत की दूसरी पारी 140 रनों पर ढेर की
गुवाहाटी में भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज के दूसरे व अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन शाम को जो अंदेशा था, वो सच साबित हुआ। बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका ने साइमन हार्मर (8 विकेट, मैच में 11) के करिश्माई प्रदर्शन से 408 रनों से विशाल जीत दर्ज की। इसके साथ ही 25 साल पहले साल 2000 में भारत के खिलाफ उसी की जमीन पर सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने के इतिहास को भी एक बार फिर दोहरा दिया।
इस टेस्ट मैच को जीतने के लिए भारत के सामने साउथ अफ्रीका ने 549 रन का पहाड़ जैसा टारगेट रखा था। वहीं आखिरी दिन टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए 522 रन की जरूरत थी। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक साउथ अफ्रीका ने भारत के दो विकेट हासिल कर लिए थे। वहीं आखिरी दिन दो सेशन के अंदर साउथ अफ्रीका ने बचे हुए 8 विकेट हासिल करके एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। साउथ अफ्रीका की इस जीत में गेंदबाज और बल्लेबाज दोनों ने अहम भूमिका निभाई।
इस टेस्ट में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने दूसरी पारी में 260 रन बनाकर पारी घोषित कर चौथे दिन का खेल खत्म होने से आधा सत्र पहले भारत के सामने 549 रन का टारगेट रखा था। जवाब में टीम इंडिया दूसरी पारी में 140 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और 408 रन से मैच हार गई। कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में टीम को 30 रनों से हार मिली थी।
साइमन हार्मर और मार्को जेनसेन जीत के हीरो
इस मैच में साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका उनके गेंदबाजों ने निभाई। पहली पारी में टीम के तेज गेंदबाज मार्को जेनसेन ने 6 विकेट हासिल किए। वहीं दूसरी पारी में उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला। साउथ अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में साइमन हार्मर ने सबसे ज्यादा 8 विकेट हासिल किए। वहीं पहली पारी में उन्होंने 3 विकेट चटकाए थे। इस तरह से हार्मर ने कुल मिलाकर इस मैच में 9 विकेट अपने नाम किए। बता दें कि मार्को जेनसेन ने पहली पारी में बल्ले से भी 93 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। टीम इंडिया को अब अपनी अगली टेस्ट सीरीज कई महीनों के बाद खेलनी है जो श्रीलंका के दौरे पर होगी, उससे पहले भारतीय प्लेयर्स के पास अपनी तकनीक को रेड बॉल क्रिकेट के अनुसार सुधारने का अच्छा खासा मौका मिलेगा। अब सभी की नजरें आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज पर है जिसकी शुरुआत 30 नवंबर से होगी, इस वनडे सीरीज में टीम इंडिया के 2 दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलते हुए दिखाई देंगे।










