बिहार के राजगीर में 29 अगस्त से हॉकी एशिया कप 2025 की शुरुआत हो गई है, जिसमें मेजबान भारतीय टीम ने ग्रुप-ए में जीत के साथ शुरुआत की। ग्रुप-ए में शामिल भारतीय हॉकी टीम का पहला मुकाबला चीन के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने 4-3 से जीत हासिल करने के साथ अपने अभियान का आगाज बेहतरीन तरीके से किया है। भारत की तरफ से इस मुकाबले में किए गए चार गोल पेनाल्टी से आए जिसमें भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जहां तीन गोल किए तो वहीं एक गोल जुगराज सिंह करने में कामयाब रहे।
भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीन गोल (20वें मिनट, 33 वें मिनट और 47वें मिनट) दागे, जबकि जुगराज सिंह ने एक गोल (18वें मिनट) किया चीन की तरफ से दु शिंहाओ (12वें मिनट), चेन बेनहाई (35वें मिनट) और गाओ जिशेंग (41वें मिनट) गोल करने में सफल रहे। भारतीय टीम अब अपने अगले मुकाबले में अगस्त को जापान का सामना करेगी।
मुकाबले में पहले क्वार्टर में भारतीय टीम चीन पर हावी रही, लेकिन वो कोई गोल नहीं कर पाई। दूसरी ओर दु शिंहाओ ने खेल के 12वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके चीनी टीम को 1-0 की लीड दिला दी। फिर दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारतीय टीम को बराबरी दिला दी। इसी क्वार्टर के पांचवें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी गोल किया, जिसके चलते भारत ने 2-1 की लीड ले ली। हाफटाइम तक स्कोर यही रहा।
इस मुकाबले में जब तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म हुआ तो उस समय तक चीन की टीम ने मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला दिया था। आखिरी क्वार्टर में भारतीय टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेल के 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से गोल करने के साथ स्कोर लाइन जहां 4-3 कर दी तो वहीं उन्होंने इस मुकाबले में भारत की जीत को भी पक्का कर दिया था। चीन की टीम ने आखिर तक गोल करने की कोशिश तो की लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। भारतीय टीम इस मुकाबले में जीत के साथ ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में 3 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है तो वहीं जापान की टीम पहले नंबर पर काबिज है।










