लखनऊ। हरियाणा के कार्तिक सुहाग ने द्वितीय जूनियर व यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उम्दा स्मैश व शॉट का प्रदर्शन करते हुए पांच वर्गो की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
द्वितीय जूनियर व यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप
वहीं उत्तर प्रदेश के शिवम यादव ने द्वितीय जूनियर व यूथ नेशनल पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में उम्दा स्मैश व शॉट का प्रदर्शन करते हुए चार जबकि दिल्ली के जतिन आजाद ने तिहरे खिताब जीते।

गौरव खन्ना एक्सीलिया हाई परफामेंस सेंटर में आयोजित चैंपियनशिप में हरियाणा के कार्तिक सुहाग ने अंडर-17 बालक एकल एसएल 3 में ओडिशा के सुमयंकता महाकुल को 21-7, 21-14 से और अंडर-19 बालक एकल एसएल 3 में ओडिशा के बिभासिंधु को 21-8, 21-17 से हराया।
वहीं बालक यूथ युगल एसएल 3- एसएल 4 में अपने ही राज्य के हर्षित चौधरी के साथ जोड़ी बनाकर उतरे कार्तिक सुहाग ने विजेन्द्र व योगेश को तीन गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में 19-21, 22-20, 21-14 से हराया।
इसके अलावा बालक अंडर-19 युगल एसएल 3- एसएल 4 में कार्तिक व ओडिशा के बिभासिंधु बरिक ने जैरो एसएस व माधव गुप्ता को 21-15, 21-16 से हराया। कार्तिक एक दिन पूर्व ही अंडर-15 बालक एकल एसएल 3 में विजेता रहे थे।
वहीं उत्तर प्रदेश के शिवम यादव ने चार वर्गो में खिताब जीते। मिश्रित युगल एसएल 3- एसयू 5 में शिवम यादव व महाराष्ट्र की तूलिका जाधव की जोड़ी ने अभिजीत साखुजा व शिवांगी पांडेय की जोड़ी को 21-4, 21-14 से हराया।
वहीं दिल्ली के जतिन आजाद के साथ जोड़ी बनाकर उतरे शिवम ने बालक युगल यूथ एसयू 5 में धीरज व यशोधन को 21-9, 21-18 से, अंडर-19 बालक युगल एसयू 5 में आदित्य सिंह व झलकेश कुमार को 21-13, 21-12 से हराया।
वहीं अंडर-19 बालक एकल एसयू 5 में जतिन आजाद को 21-12, 21-9 से मात दी। जतिन आजाद ने बालक यूथ एसयू 5 के फाइनल में हरियाणा के देव राठी को 21-19, 21-16 से हराया।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ के अभिजीत सखूजा बालक एकल यूथ एसएल 4 में, राजस्थान के आर्यन शर्मा अंडर-19 बालक एकल एसएल 4 में, केरल की साई मंगल हरि अय्यर अंडर-19 बालिका एकल एसएल 4- एसयू 5 मे , तमिलनाडु की एस.विश्वनाथन बालिका यूथ एसयू 5 में, आंध्र प्रदेश के पोटुमन प्रेमचंद बालक यूथ एकल एसएच 6 में और हरियाणा के विजेंद्र बालक यूथ एकल एसएल 3 में विजेता बने। विजेताओं को उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विराज सागर दास ने पुरस्कार वितरित किए।










