-इंग्लैंड के लिए जो रूट का शतक, जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स की अर्द्धशतकीय पारी
-बुमराह 5 विकेट लेकर विदेश में सबसे ज्यादा 13 बार यह कारनामा करने वाले भारतीय गेंदबाज बने
लॉर्ड्स में एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए खेले जा रही सिरीज के तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारत के खिलाफ मेजबान इंग्लैंड टीम का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भारतीय टीम ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड की पहली पारी के 387 रनों के जवाब में 43 ओवर में 3 विकेट खोकर 145 रन बना लिए हैं। फिलहाल भारत अभी भी 242 रन से पीछे है और मैच में इंग्लैंड का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। भारत ने दूसरे दिन यशस्वी जायसवाल, करुण नायर और शुभमन गिल का विकेट गंवाया। भारत के लिए केएल राहुल ने सर्वाधिक रन बनाए हैं। दिन का खेल खत्म होने पर केएल राहुल 53 और ऋषभ पंत 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत इंग्लैंड की पहली पारी के स्कोर से अभी भी 242 रन पीछे है।
बुमराह ने पंजा खोलते हुए बरपाया कहर
इससे पहले पहली पारी में बड़़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही इंग्लैंड की टीम को जसप्रीत बुमराह की मारक गेंदबाजी ने 387 रनों पर सीमित कर दिया। जो रूट ने तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड को मैच के दूसरे दिन तीन झटके दिए हैं। उन्होंने कप्तान बेन स्टोक्स (44) और जो रूट (104) को क्लीन बोल्ड किया और फिर क्रिस वोक्स (00) को कैच आउट करवाया। दूसरे दिन लंच के बाद मोहम्मद सिराज ने जेमी स्मिथ को पवेलियन का रास्ता दिखाया। जेमी 56 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए। जोफ्रा आर्चर 4 रन बनाकर बुमराह का शिकार बने। इसी के साथ उन्होंने पांच विकेट हॉल भी लिया, जबकि ब्रायडन कार्स को सिराज ने बोल्ड आउट कर इंग्लैंड की पारी को समेट दिया।
इंग्लैंड ने 20 रनों पर खोए तीन विकेट
एक समय बुमराह ने कप्तान बेन स्टोक्स, जो रूट और क्रिस वोक्स के विकेट गिराकर 251 पर 4 विकेट से दूसरे दिन का खेल शुरू करने वाली मेजबान टीम का स्कोर अचानक 7 विकेट पर 271 रन कर दिया था। लेकिन इसके बाद जेमी स्मिथ (51) और कार्स (56) के बीच हुई 84 रनों की साझेदारी से इंग्लैंड की टीम सुरक्षित स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। दोनों बल्लेबाजों ने अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं। इंग्लैंड की टीम अपने पुछल्ले बल्लेबाजों के योगदान से 387 रन तक पहुंच सकी।
यशस्वी जयसवाल दूसरे ही ओवर में आउट
इसके जवाब में भारत ने पहला विकेट यशस्वी जयसवाल (13) के रूप में पारी के दूसरे ही ओवर में गंवा दिया। उन्हें टेस्ट क्रिकेट में लगभग साढ़े चार साल बाद वापसी करने वाले जोफ्रा आर्चर ने स्लिप पर कैच करवाया। यशस्वी जयसवाल ने क्रिस वोक्स के पहले ओवर में तीन चौके जड़ते हुए 13 रन बनाए। भारत का पहला विकेट भी इसी स्कोर पर गिरा। यशस्वी जायसवाल 8 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद केएल राहुल और करुण नायर ने दूसरे विकेट पर 61 रन जोड़कर स्थिति संभाली। लेकिन करुण नायर एक बार फिर सेट होने के बाद 62 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हो गए।
नायर का स्टोक्स की गेंद पर पहली स्लिप में जो रूट ने बाईं तरफ डाइव मारकर शानदार तरीके से कैच पकड़ा। इसके बाद अंतिम सत्र में भारत ने प्रचंड फॉर्म में चल रहे कप्तान शुभमन गिल के रूप में अपनी सबसे बड़ा विकेट खोया। गिल 44 गेंद में 16 रन बनाकर क्रिस वोक्स की गेंद पर विकेट कीपर स्मिथ के हाथों कैच आउट हुए। वोक्स ने गिल को क्रीज छोड़कर खेलते देख स्मिथ को विकेट के ऊपर बुला लिया था। अंतत: गिल वोक्स के जाल में फंस गए। गिल इस सीरीज में अब तक 601 रन बना चुके हैं।










