– नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह को मिल सकती है प्लेइंग इलेवन में जगह
एजबेस्टन में भारत-इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट मैच बुधवार से खेला जाना है। टीम इंडिया के लिए 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का यह मुकाबला काफी अहम साबित हो सकता है, क्योंकि यदि उसे इस मैच में भी हार का सामना करना पड़ता है तो सीरीज में 0-2 से पिछड़ने के बाद उसके लिए वापसी करना काफी कठिन हो जाएगा। टीम के थिंक टैंक के सामने सबसे बड़ी समस्या प्लेइंग इलेवन का चयन है। वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते उसका प्रमुख गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस टेस्ट से बाहर रहता है तो टीम का आक्रमण काफी कमजोर पड़ जाएगा। ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने मजबूत अटैक उतारने की भी चुनौती है।
साईं सुदर्शन और करुण नायर को एक मौका और संभव
लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को पांच शतक लगाने के बावजूद हार का सामना करना पड़ा था। इसका मुख्य कारण खराब क्षेत्ररक्षण, दूसरी पारी में कमजोर गेंदबाजी और दोनों पारियों में अंतिम 6-7 विकेट कुछ ही रनों के भीतर गिर जाना रहा था। बल्लेबाजी का जहां तक सवाल है शीर्ष और कुछ हद तक मध्य क्रम को लेकर टीम प्रबंधन को खास फिक्र नहीं होनी चाहिए। साईं सुदर्शन और सालों बाद टेस्ट में वापसी करने वाले करुण नायर पहले टेस्ट में भले ही कुछ खास न कर पाए हों लेकिन उनको इतनी जल्दी खारिज भी नहीं किया जा सकता। उनको एक मौका और देना बनता है। रविन्द्र जडेजा और शार्दूल ठाकुर को लेकर टीम मैनजमेंट को जरूर चिंता सता रही होगी, क्योंकि दोनों ऑलराउंडर बल्ले और गेंद से कुछ विशेष नहीं कर पा रहे हैं। संभव है कि इन दोनों की जगह कल नितीश कुमार रेड्डी और कुलदीप यादव खेलते नजर आएं।
प्रसिद्ध कृष्णा भी बचा ले जा सकते हैं अपनी जगह
प्रसिद्ध कृष्णा ने पहले टेस्ट में 200 से ज्यादा रन देकर दोनों पारियों में कुल मिलाकर 5 विकेट लिए थे। उनकी नियंत्रणहीन गेंदबाजी की वजह से ही दूसरी पारी में बेन डकेट समेत अन्य इंग्लिश बल्लेबाज बेखौफ खेलते हुए भारत के हाथ से जीत छीनने में कामयाब रहे थे। लेकिन हेड कोच हो सकता है कि उनको एक मौका और देना चाहें। बुमराह यदि बाहर रहते हैं तो टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में अर्शदीप सिंह का आना तय माना जा रहा है।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन : यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साईं सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), रिषभ पंत, करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।










