तीसरे दिन गेंदबाजों का कमाल न दिखा तो यूपी और आन्ध्र प्रदेश के बीच लीड के लिए होगी जंग

0
50

– एस के रशीद के शतक से आन्ध्र प्रदेश ने 470 रनों का पहाड़ लगाया, विप्रज निगम ने चार विकेट लिए

– यूपी की टीम जल्दी झटका खाने के बाद संभली, एक विकेट पर 73 रन बनाए

कानपुर। गेंदबाजों ने कोई कमाल न किया तो यूपी और आन्ध्र प्रदेश के बीच रणजी मुकाबले में अब पहली पारी की बढ़त को लेकर जंग चलने की संभावना नजर आ रही है। आन्ध्र प्रदेश ने ग्रीनपार्क स्टेडियम में एलीट ग्रुप ए के इस मुकाबले में दूसरे दिन अपनी पहली पारी को जब 470 रनों का बड़ा आकार दिया तभी लगने लगा था कि पहले पूरे दिन और दूसरे दिन एक सेशन बल्लेबाजी के अनुकूल रहे विकेट पर अब यह मुकाबला पहली पारी की बढ़त के लिए होने जा रहा है। हालांकि यूपी टीम को बढ़त के लिए अभी काफी लम्बा सफर तय करना है। फिलहाल आन्ध्र प्रदेश की टीम 397 रनों से आगे है।

यूपी ने जल्दी झटका खाने के बाद दूसरे दिन का खेल पूरा होने तक एक विकेट पर 73 रन बना लिए थे। सलामी बल्लेबाज माधव कौशिक (31) और आर्यन जुयाल (17) दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़कर क्रीज पर जमे हुए हैं। यूपी ने अपना पहला विकेट अभिषेक गोस्वामी (24) के रूप में स्कोर बोर्ड पर जब केवल 25 रन ही लगे थे तब ही खो दिया था। लेकिन उसके बाद से माधव कौशिक और पिछले सीजन में 700 रन बनाने वाले पूर्व कप्तान आर्यन जुयाल ने अच्छी साझेदारी से टीम को संभाल रखा है।

यूपी की पारी के दौरान आन्ध्र प्रदेश के मीडियम पेसरों ने खासकर केवी शशिकांत ने काफी अच्छी गेंदबाजी की और बाउंसर भी डालकर विकेट से जान निकाली, जबकि यूपी को आज आन्ध्र के गिरे 7 में से 6 विकेट स्पिनरों ने ही दिलवाए। सिर्फ एक विकेट शिवम मावी को मिला। यूपी की पारी में आन्ध्र प्रदेश ने बतौर स्पिनर अभी तक सिर्फ सौरभ कुमार से 10 ओवर डलवाए लेकिन उन्हें सफलता कोई नहीं मिली। सौरभ पिछले सीजन तक यूपी के लिए खेले थे, इसलिए वह यहां के विकेट से अच्छी तरह परिचित हैं। कल यदि उनको सफलता मिलती है तो यूपी को संघर्ष करना पड़ सकता है हालांकि यूपी के बाद नम्बर दस तक बल्लेबाजी है।

कल शतक से 6 रन दूर खड़े एस के रशीद 136 रन बनाकर आउट हुए। 3 विकेट पर 289 रनों से आगे अपनी पारी बढ़ाने वाली आन्ध्र प्रदेश की टीम ने आज 181 रन और जोड़े। उसके अंतिम 6 विकेट सिर्फ 100 रन बनाकर आउट हो गए। करने शिंदे 17, रेवांत रेड्डी 22, अश्विन 20, सौरभ कुमार 31 और पृथ्वी राज ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम के विशाल स्कोर में अपना योगदान किया। हालांकि मेहमान टीम ने अंतिम 6 विकेट जिस तरह जल्दी खो दिए उसको देखकर यह भी नहीं कहा जा सकता कि इस मुकाबले में गेंदबाजों के लिए कुछ नहीं है।

दूसरे दिन विकेट स्पोर्टिंग नजर आया और इसमें बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए समान अवसर दिखे। खासकर मेजबान स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी कर मेहमान बल्लेबाजों पर अंकुश लगाए रखा। यूपी के लिए लेग ब्रेक गेंदबाज विप्रज निगम सबसे सफल रहे, जिन्होंने कुल 4 विकेट लिए, जबकि आकिब खान ने 2 और शिवम मावी, शिवम शर्मा और करन शर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here