लखनऊ। स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ ने पेनल्टी शूटआउट तक खिंचे कांटे के संघर्ष वाले फाइनल में झांसी को 2-1 से हराकर जूनियर मेन स्टेट हॉकी टूर्नामेंट जीत लिया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 2-2 गोलों की बराबरी पर था। पद्मश्री मोहम्मद शाहिद हॉकी स्टेडियम, गोमतीनगर लखनऊ में आयोजित इस टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल में स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ और स्पोर्ट्स हॉस्टल झांसी के बीच जबर्दस्त मुकाबला देखने को मिला।
स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ की ओर से 9वें मिनट में अतीफ ने फील्ड गोल कर बढ़त दिलाई, जबकि 12वें मिनट में अजीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग इसे 2-0 कर दिया। झांसी की ओर से 14वें मिनट में प्रवीण यादव तथा 55वें मिनट में राहुल पटेल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करते हुए मैच को बराबरी पर ला खड़ा किया।
इसके बाद दोनों टीमों ने एक दूसरे पर जबर्दस्त आक्रमण किए लेकिन कोई टीम बढ़त नहीं ले सकी। अंतत: पेनल्टी शूट-आउट में लखनऊ के राघवेंद्र और अजीत गोल करने में सफल रहे, जबकि इस दौरान गोलकीपर ललित ने शानदार बचाव करते हुए टीम को जीत दिलाई। झांसी की ओर से केवल अंकित पटेल ही शूट-आउट में गोल कर सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विशेष सचिव कुमार विनीत उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में राजनीश मिश्रा (महासचिव, उत्तर प्रदेश हॉकी), निशा मिश्रा (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हॉकी),पॉल देवेंद्र (संयुक्त सचिव, उत्तर प्रदेश हॉकी), अजय त्रिपाठी ( उपाध्यक्ष, ओलंपिक संघ), क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अतुल सिन्हा उपस्थित रहे।
इसके अलावा रंजीत राज (उप क्रीड़ा अधिकारी), निशित दीक्षित (कोच — के. डी. सिंह), तकनीकी अधिकारी/निर्णायक – प्रिंस मौर्या, अंपायर सौरभ गुप्ता एवं सुशील महर्षि, अविनाश श्रीवास्तव, संदीप पाठक,बृजेश कुशवाहा,रवि जायसवाल,सचिन चौहान और कवि यादव भी मौजूद रहे।










