दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम टी-20 मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 16 गेंदों पर जड़ दिया अर्द्धशतक

0
71

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 5वें टी20 मुकाबले में टीम इंडिया की तरफ से हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया, जिसमें उनके बल्ले से चार चौके और 5 छक्के भी देखने को मिले। जब हार्दिक पांड्या आखिरी टी20 मुकाबले में बल्लेबाजी करने उतरे तो उस समय तक टीम इंडिया ने 115 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।

इस मैच में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या का बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी। टीम इंडिया इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिसमें हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर्स में 231 रनों का स्कोर बनाने में सफल रही। हार्दिक पांड्या के बल्ले से इस मुकाबले में 25 गेंदों में 63 रनों की बेहतरीन पारी देखने को मिली। हार्दिक इस सीरीज में 2 अर्धशतकीय पारियां खेलने में कामयाब हुए हैं।

हार्दिक पांड्या ने मैदान पर उतरने के साथ ही आक्रामक बल्लेबाजी करने का इरादा अपना जाहिर कर दिया था, जिसमें दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के लिए उन्हें रोक पाना बिल्कुल भी आसान काम नहीं दिखा। हार्दिक ने जब सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया तो उसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में भारत की तरफ से सबसे कम गेंदों में अर्धशतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए, जिसमें उन्होंने अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा।

भारत की तरफ से सबसे कम गेंदों में अर्द्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी
युवराज सिंह – 12 गेंद बनाम इंग्लैंड (साल 2007)
हार्दिक पांड्या – 16 गेंद बनाम साउथ अफ्रीका (साल 2025)
अभिषेक शर्मा – 17 गेंद बनाम इंग्लैंड (साल 2025)
केएल राहुल – 18 गेंद बनाम स्कॉटलैंड (साल 2021)
सूर्यकुमार यादव – 18 गेंद बनाम साउथ अफ्रीका (साल 2022)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here